शाहजहांपुर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में शनिवार को आयोजित बैठक के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला। छह माह से अलग रह रहे दंपती अपने तीन मासूम बच्चों के भविष्य के लिए फिर से एक हो गए। इनमें एक महीने पहले पैदा हुए जुड़वा बच्चे भी थे। आपसी सुलह-समझौते के बाद दंपती को केंद्र से ही विदा किया गया।
मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के दंपती का विवाह छह वर्ष पूर्व हुआ था। पारिवारिक विवाद के चलते महिला पिछले छह माह से अपने मायके में रह रही थी। शिकायत के बाद मंगलवार को दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र पर बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं गई। संवाद के माध्यम से दंपती के बीच चल रहे मनमुटाव को दूर करने का प्रयास किया गया।
इस बीच आवेदिका ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान काम करने में असमर्थ होने पर और पति के मारपीट करने से आहत होकर मायके चली गई थी। पति ने भी अपनी गलती मानी और पूरी जिम्मेदारी उठाने का वादा किया। केंद्र प्रभारी मधु यादव ने बताया कि दोनों पक्षों ने पुरानी बातों को भुलाकर साथ रहने का फैसला किया। 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई है। बाकी को आगे की तारीख दे दी गई है। संवाद