तिलहर। भेदपुर गांव में दो दिन पहले उधारी चुकता करने के लिए कहने पर शहर के मोहल्ला चमकनी निवासी खाद विक्रेता विनोद कुमार मिश्रा और उनके पुत्र शिवम से मारपीट के मामले में पुलिस ने शनिवार को चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
शिवम ने थाने में तहरीर देकर पुलिस को बताया कि भेदपुर में उनकी खाद की दुकान है। मौजमपुर गांव के वीरपाल दो वर्ष पूर्व दुकान से दो हजार रुपये की खाद उधार ले गए थे, लेकिन कई बार कहने पर भी उधारी नहीं चुकाई। गत बृहस्पतिवार को दोपहर वीरपाल खाद लेने उनकी दुकान पर आए, तो उनसे बकाया रकम मांगी। इस पर वह गाली-गलौज करने लगे।
बाद में वीरपाल ने अपने पुत्र व दो अन्य साथियों को बुलाकर उनसे मारपीट शुरू कर दी। पिता विनोद बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। सिर पर चोट लगने से विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद