मीरानपुर कटरा। मोहल्ला सराय से लाखों रुपये के बंच केबल के बंडल चोरी होने के मामले में पुलिस ने सोमवार को नगर पंचायत के ट्रैक्टर चालक समेत पांच कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। हालांकि, इससे पहले मुगलान मोहल्ले में खुदागंज मार्ग के किनारे रखे बंच केबल के बंडल चोरी होने के मामले में पुलिस आरोपियों का अब तक सुराग नहीं लगा सकी है।
तिलहर के मोहल्ला चौहटिया निवासी फैज कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के ठेकेदार मोअज्जम खां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि गत शनिवार को दिन में करीब 2:30 बजे छीपियान मस्जिद के पास रखे बंच केबल के बंडल नगर पंचायत की ट्रैक्टर ट्राॅली में रखकर चोरी कर लिए गए।
चोरी हुए बंच केबल की कीमत करीब तीन लाख रुपये है। पुलिस ने आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज देखने के बाद नगर पंचायत के ट्रैक्टर चालक चमन एवं मोहल्ला बंगशान निवासी लाल बिहारी उर्फ लालू के अलावा नगर पंचायत के तीन अन्य कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
उधर,मुगलान से चोरी हुए बंच केबल के आरोपियों का सुराग लगाने में पुलिस अभी तक नाकाम रही है। इस मामले में बरेली के कस्बा फरीदपुर के मोहल्ला बक्सरिया निवासी ठेकेदार मणिराज मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि हाईटेंशन लाइन के जर्जर तार बदलने के लिए दस लाख रुपये कीमत के बंच केबल के तीन बंडल खुदागंज मार्ग के तिराहे पर रखे थे।
चोर बंच केबल के बंडल किसी वाहन से उठा ले गए। प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने बताया कि नगर पंचायत के ट्रैक्टर ट्राॅली से चोरी किए गए बंच केबल के बंडल जल्द बरामद कर लिए जाएंगे। प्रशिक्षु सीओ आकृति पटेल के अनुसार, खुदागंज मार्ग से बंच केबल चोरी के मामले की जांच हो रही है और आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।