निगोही में जल निकासी के लिए पंप लगाते हुए नगर पंचायत कर्मी। स्रोत: जागरुक पाठक
निगोही। मोहल्ला नई बस्ती में 25 दिनों से जलभराव की समस्या से परेशान लोगों को बुधवार को राहत मिलने की उम्मीद जगी। नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक दानिश खां और वार्ड सदस्य मुमताज मियां टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पंप लगाकर पानी निकालने का कार्य शुरू कराया।
पुवायां रोड से रेलवे क्रॉसिंग जाने वाले मार्ग से जुड़ी गली में करीब चार फुट पानी भरा है। इससे बांके, रामदास, सुंदर और सेवाराम समेत अन्य लोगों का निकलना मुश्किल है। लोगों ने बल्ली और खपच्चियों के सहारे अस्थायी रास्ता बनाया है। जलभराव के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। सुंदर और सेवाराम घर छोड़कर किराये के मकान में रहने लगे हैं।
प्रभारी ईओ व एसडीएम सदर प्रभात राय ने बताया कि पानी निकलने के बाद ठेकेदार को काम कराने के निर्देश दिए जाएंगे। काम शुरू न होने पर नोटिस जारी किया जाएगा। संवाद