शाहजहांपुर में मेरे भाई-मेरे दोस्त नाटक का पूर्वाभ्यास करते कलाकार। स्रोत: स्वयं
शाहजहांपुर। श्री मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती (अभियंता दिवस) पर हिंदू-मुस्लिम एकता पर आधारित नाटक मेरे भाई-मेरे दोस्त का मंचन अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में 15 सितंबर को होगा। टैलेंट मेकर संस्था की ओर से आयोजित नाटक के पूर्वाभ्यास में कलाकार जुटे हैं।
एसपी कॉलेज के नए भवन में पूर्वाभ्यास में दस रंगकर्मी कड़ी मेहनत कर अभिनय को धार दे रहे हैं। नाटक के लेखक प्रतिष्ठित नाटककार दया प्रकाश सिन्हा हैं। निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी हंसराज विकल कर रहे हैं। पिछले 45 दिन से नाटक का अभ्यास किया जा रहा है।
विकल ने बताया कि नाटक में हिंदू- मुस्लिम एकता, भाईचारे और गंगा जमुनी तहजीब को बहुत ही भावपूर्ण तरीके से दिखाया है। इसकी कहानी डॉ. मिर्जा और किशन लाल नामक पात्रों के आपसी प्रेम एवं भाईचारे को दर्शाती है। इस भाईचारे को कुछ फिरकापरस्त और नफरती लोग दंगे करवाकर मिटाना चाहते हैं।
नाटक में डॉ. मिर्जा का पात्र पैट्रिक दास निभाते नजर आएंगे। इनके अलावा यासीन का हंसराज विकल, अम्मी का राधा, गफूर का विजय राज, गेसू का इशिका श्रीवास्तव, किशनलाल का अमोद कुमार, हरीश का अरविंद कुमार, एसएसपी का किरदार जुल्फिकार खान निभाएंगे।