रोजा में रनिंग रूम और शहर के रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के लिए आए मुरादाबाद मंडल के एडीआरएम हितेंद्र मल्होत्रा शहर के रेलवे स्टेशन पर किसान एक्सप्रेस से सुबह 09:10 बजे पहुंचे। इस दौरान प्लेटफार्म एक पर गड्ढे और वाटर सप्लाई की सही व्यवस्था न देखकर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से इस बाबत पूछताछ की। साथ ही व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। इसके बाद वह रोजा रेलवे स्टेशन के लिए चले गए।
दोपहर में वापसी में स्टेशन पर पहुंचे मेहरोत्रा से स्टेशन के निरीक्षण के बारे में पूछा तो कहा कि कोई खास अनियमितता नजर नहीं है। सीतापुर पैसेंजर के वहां से संचालन न होने के बारे में कहा कि ट्रेन पाथ व्यस्त होने की वजह से पैसेंजर ट्रेन लेट हो जाती हैं। इस वजह से सीतापुर पैसेंजर शाहजहांपुर से संचालित की जा रही है। प्लेटफार्म चार एवं पांच पर टिन शेड न होने की वजह से यात्रियों को हो रही परेशानी से उन्हें अवगत कराया तो कहा कि वहां पर बेंच हट लगाए जाएंगे। टिन शेड लगाने की बात से मना कर दिया।
करीब दो माह से प्लेटफार्म संख्या एक की जगह दो पर ट्रेनों को रोका जाता है। इससे बुजुर्ग, विकलांग एवं अन्य यात्रियों को भी परेशानी होने की बात पर बोले कि मैं तो प्लेटफार्म एक पर ही आया हूं। यदि प्लेटफार्म एक पर कोई ट्रेन खड़ी है, तो ही दूसरा प्लेटफार्म प्रयोग किया जाएगा। कहा कि यदि एक प्लेटफार्म पर ट्रेनों को नहीं रोका जा रहा है तो यह गलत। इस बारे में स्टेशन अधीक्षक से बात की जाएगी।Ó यह कहते हुए वह सैलून की ओर बढ़ गए।
मेनगेट के पास रखा खोखा हटाने को कहा
शाहजहांपुर। स्टेशन के मेनगेट के पास में रखे खोखे की वजह से स्टेशन आने वाले और बाहर निकलने वाले यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए एडीआएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक एके गौतम से कहा कि स्टेशन के पास खोखा क्यों रखा गया है। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह पालिका परिषद क्षेत्र के अंतर्गत आता है। गौतम की बात सुनकर एडीआरएम ने कहा कि नगर पालिका परिषद से बात करके पता किया जाए कि वह खोखा वैद्य रूप से रखा है या अवैध? यदि पालिका प्रशासन ने उसे खोखा रखने की अनुमति दी है तो उसे थोड़ा दूर करवा दिया जाए। यदि अवैध रूप से रखा है तो उसे तत्काल हटवाने के निर्देश एसएस को दिए। इस पर गौतम ने हामी भरते हुए जल्द कार्रवाई करने की बात कही।