भावलखेड़ा। ताहवरगंज के शिव मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं शिव परिवार मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन कथा वाचक मोहित शास्त्री ने चतुर्थ स्कंध के अंतर्गत धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के माध्यम से दक्ष प्रजापति के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया।
उन्होंने कहा कि जब मनुष्य का धर्म डगमगा जाता है, तब दक्ष के समान उसका मान और यश भी नष्ट हो जाता है। कथा से पहले अरणी मंथन से अग्नि प्रज्ज्वलित कर विष्णु महायज्ञ किया गया। इस मौके पर यज्ञाचार्य कुलदीप शास्त्री ने कहा कि यज्ञ से वातावरण की शुद्धि होती है और नकारात्मक शक्तियां नष्ट होती हैं। श्री विष्णु महायज्ञ और कथा में आशीष द्विवेदी, अशोक द्विवेदी, अजय मिश्रा, संजय मिश्रा, अनिल मिश्रा, प्रियांशु मिश्रा आदि शामिल रहे। संवाद
दुर्ग जागरण में माता की भेंटों पर रात भर झूमते रहे श्रद्धालु
खुदागंज। मोहल्ला राठान में मंगलवार की रात दुर्गा जागरण धूमधाम से आयोजित किया गया। इसमें जागरण पार्टी के गायक कलाकारों ने माता की भेंटें सुनाकर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया।
भजनों पर श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे। जागरण के दौरान कलाकारों ने देव स्वरूपों की सजीव झांकियां प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बुधवार को सुबह तारारानी की कथा से जागरण का विश्राम होने पर माता की आरती उतारकर श्रद्धालुओं को हलवा-चने का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान वीरपाल, बच्चू लाल, सत्य पाल आदि श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद
श्रीमद्भागवत कथा के विश्राम पर हुआ हवन और भंडारा
कुर्रियाकलां। कौढ़ा गांव के नर्मदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के विश्राम पर बुधवार को हवन करके श्रद्धालुओं के लिए भंडारा आयोजित किया गया। कथा व्यास पंडित राहुल कृष्ण दीक्षित ने वेदी बनाकर यज्ञ कराया।
यजमानों ने परिवार सहित हवन में पूर्ण आहुति दीं। तत्पश्चात, कन्याओं को भोज कराकर और दान-दक्षिणा देकर भंडारा आरंभ किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। संवाद