शाहजहांपुर। जिले की ग्रामीण और शहरी महिलाएं अपने हाथों से तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों के जरिये आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। लघु भारती संगठन से जुड़ी महिला उद्यमियों ने उत्पादों की बिक्री के लिए रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर काउंटर उपलब्ध कराने की मांग डीएम से की है।
लघु उद्योग भारती से करीब 20 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। ये महिलाएं देव प्रतिमाओं के वस्त्र, डिजाइनर बैग, दुपट्टे, किचन में प्रयोग होने वाली सामग्री, अचार, सेनेटरी पैड, जूट के उत्पाद आदि बनाती हैं। महिलाएं बड़े कार्यक्रमों में स्टॉल लगाती हैं, साथ ही ऑनलाइन कारोबार भी करती हैं। अपने उत्पादों को आम आदमी की पहुंच के नजदीक बनाने के लिए लघु उद्योग भारती की महिला इकाई ने प्रशासन से मदद मांगी है।
इकाई की जिला संयोजक ज्योति सक्सेना ने डीएम को ज्ञापन देकर रेलवे स्टेशन और रोडवेज जैसे सार्वजनिक स्थलों पर जगह उपलब्ध कराने की मांग की है।