चांदपुर। खुटार के डाकघर में आधार कार्ड बनाने के लिए लगायी गयी बायोमीट्रिक मशीन कई माह से खराब होने के कारण नए आधार कार्ड बनने का काम ठप है। इस कारण नया आधार कार्ड बनवाने अथवा पुराने आधार कार्ड में संशोधन के लिए लोगों को बार-बार डाकघर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गांव के रतीराम ने बताया कि वह पिछले दस दिन से डाकघर के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनका आधार कार्ड नहीं बन पाया है। डाकघर के कर्मचारी इस बारे में सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। आधार कार्ड नहीं बनने से उन्हें सरकारी योजनाओं, बैंकिंग कार्यों व अन्य आवश्यक कार्य कराने में कठिनाई हो रही है। डाक अधीक्षक हिमांशु तिवारी के संज्ञान में यह समस्या लाए जाने पर उन्होंने कहा कि इस बारे में जानकारी कराकर बायोमीट्रिक मशीन को जल्द ठीक करा दिया जाएगा। संवाद