शाहजहांपुर। दस फरवरी से शुरू हुए फाइलेरिया अभियान का समापन मंगलवार को समाप्त होगा। उसके बाद फाइलेरिया की दवा का विरोध करने वालों को सूचीबद्ध कर माॅपअप राउंड के तहत दवा खिलाई जाएगी। विरोध करने वालों का भ्रम दूर किया जाएगा।
जिले के पांच ब्लॉकों में फाइलेरिया रोग से बचाव के लिए दवा खिलाने को अभियान शुरू किया गया था। इसमें करीब 12 सौ टीमों को लगाया था। फाइलेरिया की दवा आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता को अपने सामने खिलवाना था, लेकिन लोग भ्रम के कारण दवा खाने से इन्कार कर दे रहे थे। कई ब्लॉकाें से शिकायत आने के बाद डिप्टी सीएमओ डॉ.मनोज मिश्रा लोगों को समझाने के लिए पहुंचे। कुछ लोगों को समझाने में कामयाब हुए और दवा का सेवन करा दिया, लेकिन फिर भी काफी लोग दवा खाने से शेष रह गए हैं।
मंगलवार को फाइलेरिया का अभियान खत्म हो जाएगा। इसके बाद प्रतिरोध करने वालों को सूचीबद्ध कर माॅपअप राउंड चलाया जाएगा। इसके लिए माइक्रोप्लान तैयार कर टीमें उनके घर पहुंचेंगी। आंकड़ों में ये करीब तीन हजार लोग बताए जा रहे हैं, लेकिन इनकी संख्या ज्यादा हो सकती है। कुछ पॉश कॉलोनियाें में लोगों ने दवा खाने से इन्कार कर दिया है।
नोडल अधिकारी डॉ.पीपी श्रीवास्तव ने बताया कि लोग भ्रम के चलते दवा नहीं खा रहे हैं। उन्हें समझाकर दवा खिलाने को मापअप राउंड चलाएंगे।
भावलखेड़ा में खराब शगुन किट का वीडियो वायरल
-जिले में खराब शगुन किट का आशाओं को वितरण का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो भावलखेड़ा का बताया जा रहा है। बताते हैं कि गोदाम में रखी किट का वितरण नहीं किया। सीडीओ के शिकंजा कसने के बाद आशाओं को बुलाकर किट दी गई। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। डिप्टी सीएम मनोज मिश्रा ने बताया कि वीडियो करीब तीन महीने पुराना है। उस समय हमारे पास चार्ज नहीं है।