मृतक सूरजपाल का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
तिलहर। शिवदासपुर मार्ग स्थित फतेहपुर गैसरा के पास खेत पर विद्युत लाइन का तार बदलने के दौरान जैतीपुर क्षेत्र के गांव छेदापट्टी निवासी सूरजपाल (30) बृहस्पतिवार दिन में करीब दो बजे करंट की चपेट में आकर खंभे से नीचे गिर गए। उनको सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
गांव छेदापट्टी निवासी सुरजीत ने बताया कि रिश्ते के चाचा लाइनमैन सूरजपाल कई दिनों से विद्युत लाइन बदलने का कार्य कर रहे थे। सूचना पर क्राइम इंस्पेक्टर सुनील यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विद्युत निगम की ओर से नई लाइन डालने का ठेका यूनिवर्सल कंपनी को दिया गया है।
विद्युत निगम के एसडीओ कैलाश कुमार यादव ने बताया कि यूनिवर्सल कंपनी के ठेकेदार और उनके सुपरवाइजर ने शटडाउन लेने की सूचना नहीं दी थी। यदि सूचना दी जाती तो आपूर्ति बंद कर दी जाती और हादसा नहीं होता। उन्होंने बताया कि इस घटना के लिए ठेकेदार व सुपरवाइजर की जिम्मेदारी बनती है।
वहीं, घटना से परिजन बदहवास हो गए। सूरजपाल की मां चमेली देवी, भाई अर्जुन, शिवकुमार, सुखपाल तथा बहनें उर्वशी और सुरभि सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्राइम इंस्पेक्टर सुनील यादव ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट और तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक सूरजपाल का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन