शाहजहांपुर। बरेली मोड़ पर ई-रिक्शों के चलते लगने वाले जाम से निजात दिलाने की कवायद ने तेजी पकड़ ली है। यातायात पुलिस ने बरेली मोड़ पर ई-रिक्शों के लिए बैरियर लगाकर हद तय कर दी है। उसके बाहर जाने पर पुलिस चालान के साथ सीज करने की कार्रवाई करेगी।
लखनऊ-दिल्ली हाईवे होने के कारण बरेली मोड़ चौराहे पर कई जनपदों की बसें आकर रुकती हैं। इन बसों से उतरने वाली सवारियों के लालच में ई-रिक्शे, डग्गामार वाहन आदि जमे रहते हैं। सबसे ज्यादा ई-रिक्शा चालकों का तांडव रहता है, जो सड़क को घेर लेते हैं। आधी सड़क घेरे जाने के कारण यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस वजह से लोगाें को काफी दुश्वारियां आती हैं।
इसे लेकर डीएम ने बरेली माेड़ चौराहे का निरीक्षण भी किया था। सीओ यातायात संजय कुमार ने बताया कि बरेली मोड़ पर ई-रिक्शों से लगने वाले जाम को देखते हुए बैरियर लगाए गए हैं। इन बैरियर के अंदर ही ई-रिक्शा चालकों को रहने के निर्देश दिए हैं। बाहर आकर सवारी भरने पर संबंधित चौकी और यातायात पुलिस को चालान और सीज करने की कार्रवाई करने को कहा है।
-