खुटार। गांव हरिहरपुर में एक माह बाद फिर आए तेंदुए ने गांव के होरीलाल के कुत्ते और पिल्लों को मार डाला। सूचना पर वनकर्मियों ने जांच की है और पगमार्क ट्रेस किए।
होरीलाल ने बताया कि मंगलवार शाम उनके खेत के पास लगे पुआल के ढेर में कुत्ता और पिल्ले बैठे थे। होरीलाल, राजन, मुकेश कुमार, सुरेश कुमार, भजनलाल सहित कई लोग खेतों के पास अपने पशु चरा रहे थे। शाम के समय तेंदुआ गन्ने के खेत से बाहर निकला और गांव की ओर जाने लगा। उन लोगों ने तेंदुए को देखकर शोर मचाया तो तेंदुआ फिर गन्ने के खेत में चला गया।
जानकारी पाकर गांव के तमाम लोग भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और शोरशराबा किया, लेकिन तेंदुआ खेत से नहीं निकला। गांव के लोग चले गए तो तेंदुआ गन्ने से निकला और कुत्ते और पिल्लों को मारकर खा गया।
गांव के लोगों ने बुधवार सुबह कुत्ते के अवशेष देखकर वनकर्मियों को सूचना दी। वन दरोगा रोहित पांडे ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर गांव के लोगों से जानकारी ली और पगमार्क ट्रेस किए। वन दरोगा ने बताया कि तेंदुए ने ही कुत्ते और पिल्लों को मारा है। गांव के लोगों ने बताया कि एक माह पूर्व भी एक तेंदुआ गांव के पास 12 बकरियों को मार चुका है। बकरियों को मारने वाले तेंदुए को पकड़कर चित्रकूट के जंगल में छोड़ा गया था। अब दूसरा तेंदुआ आने से किसान और पशुपालक परेशान हैं।
तेंदुआ देखे जाने की सूचना पर टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है। गांव के लोगों, किसानों और पशुपालकों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है। कुछ ही दूर जंगल होने से वन्य पशु खेतों पर आ जाते हैं।
- मनोज श्रीवास्तव, रेंजर खुटार