राजवीर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। मदनापुर क्षेत्र के बरुआ गांव निवासी 45 वर्षीय राजवीर की मंगलवार रात खेत पर बनी कोठरी की छत से गिरकर मौत हो गई। जानकारी होने पर उनके परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
राजकुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई राजवीर घर से करीब 17 किलोमीटर दूर कुदैया गांव में एक व्यक्ति के खेत पर मजदूरी करते थे। राजवीर करीब एक सप्ताह पूर्व धान लगाने के लिए गए थे। काम करने के बाद वह वहीं खेत पर बनी कोठरी में रुक जाते थे। मंगलवार की रात वह गर्मी के चलते कोठरी की छत पर सो रहे थे।
इस दौरान किसी तरह करीब 12 फुट ऊंची छत से नीचे फर्श पर गिर गए। उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। रात करीब 11 बजे उठे साथी मजदूर रामदास ने भाई को घायल अवस्था में पड़ा देखा तो सभी को आवाज लगाई। खेत मालिक को सूचना दी। इसके बाद उसको अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक भाई की सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों के अनुसार, राजवीर चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत से भाई राजकुमार, ओमवीर, नरवीर, पत्नी गीता देवी, बेटी आरती, बिटाना, बेटे हिमांशु और गुरुदेव का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजवीर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन