देश के चुनिंदा 407 रेलवे स्टेशनों का विकास किया जाना है, जिसमें अपने शहर का ‘एÓ ग्रेड रेलवे स्टेशन का नाम भी शामिल है, हालांकि अभी तक यहां सुविधाएं नगण्य हैं, लेकिन लोगों को स्टेशन की बेहतरी की आस अवश्य जाग गई है। हालांकि मांग रेल बजट के बाद से ही की जाने लगी थी, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई बेहतर पहल नहीं हो सकी है।
रेलवे स्टेशन पर तमाम सुविधाएं दिलाए जाने के लिए सांसद कृष्णाराज पहले कई बार पत्राचार कर चुकी हैं। सांसद के मुताबिक उनके प्रयासों से स्टेशन का कायाकल्प करने का प्रस्ताव पास किया गया है। निजी कंपनियों की ओर से स्टेशन का विकास किया जाएगा। इससे स्टेशन पर निर्माण और सुधार कार्य तेजी से होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्टेशन के कायाकल्प किए जाने का तय होने के साथ ही स्टेशन की तमाम सुविधाओं और समस्याओं के निस्तारण की ओर ध्यान जाता है तो कई कार्य सामने आते हैं। इनमें से कुछ कार्यों की मांग रेलवे यूनियन पदाधिकारियों, रेल कर्मचारियों, व्यापारी वर्ग, शहरी एवं अन्य संगठनों की ओर से पहले से की जाती रही। उनमें स्टेशन के कायाकल्प के दौरान 10 बिंदुओं पर काम किए जाने की जरूरत लोग महसूस कर रहे हैं।
स्टेशन के विकास के लिए ये भी जरूरी
1. सीसीटीवी कैमरे लगाने की जरूरत है।
2. लगैज स्कैनर के बिना होती परेशानी।
3. डोर मेटल डिटेक्टर लगाने से बढ़ेगी सुरक्षा।
4. स्टेशन के चारों ओर खुले स्थानों की बाउंड्रीवॉल की जाए।
5. स्टेशन पर कुलियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।
6. रेलवे ओवरब्रिज को पूर्णत: टिन शेड से कवर किया जाए।
7. प्लेटफार्म चार पांच पर टिन शेड न होने होती दिक्कत।
8. स्टेशन पर पेयजल और बिजली सप्लाई की उपलब्धता बढ़े।
9. साफ-सफाई की व्यवस्था और बेहतर की जाए।
10.विकलांगों के लिए अंडरग्राउंड रास्ता न होने होती परेशानी।
ट्रेन के शौचालय से चोरी करते पकड़ा
शाहजहांपुर। ट्रेन के शौचालय से चोरी करते समय एक व्यक्ति को आरपीएफ ने शुक्रवार को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक को बरेली के रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
आरपीएफ के एएसआई एके सिंह शुक्रवार को मय फोर्स के ट्रेनों को चेक कर रहे थे। शाम साढ़े तीन बजे प्लेटफार्म तीन पर सीतापुर पैसेंजर की बोगी में कुछ तोड़े जाने की आवाज सुनकर अंदर गए और डिब्बे को चेक किया। इस दौरान एक युवक शौचालय में स्टील का वॉशबेसिन तोड़ते हुए मिला। आरपीएफ ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम मनोज शुक्ला पुत्र गोविंद प्रसाद शुक्ला बताया। कहा कि वह सीतापुर जिले के रामकोट थाना के गांव दलेलपुर का रहने वाला है।