खुटार में सामान जलने के बाद परेशानी बैठी पीडि़त सोनी देवी। संवाद
खुटार। शादी होने से कुछ घंटे पहले घर में आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया। अगले दिन गांव के लोगों की मदद से शादियों का कार्यक्रम कराया जा सका। पीड़ित ने तहसील प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
गांव नरौठा देवीदास निवासी सोनी देवी के पति की मौत हो चुकी है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने पर उन्होंने बेटा-बेटी की शादियां एक ही दिन करने की तैयारी की। बुधवार को दिन में पुत्री की बरात आनी थी और शाम को पुत्र की बरात जानी थी। इससे कुछ घंटे पहले ही जिस कमरे में सामान रखा हुआ था, उसमें अज्ञात कारणों से आग लग गई।
आग से जेवर, 41 हजार की नकदी, चीनी, गेहूं, चावल, शादियों के कपड़े आदि सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय परिजन गांव में ही कार्यक्रम में गए थे। लोगों की मदद से आग बुझाई जा सकी। इसके बाद बुधवार को गांव के लोगों के सहयोग से पुत्री की बरात का कार्यक्रम कराया गया। इसके बाद रात में गांव में ही पुत्र की शादी कराई जाएगी।
प्रकरण संज्ञान में नहीं आया है। लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और सहायता देकर पीड़ित परिवार की मदद कराई जाएगी।
-चित्रा निर्वाल, एसडीएम पुवायां