खुटार थाने के पास खड़ा मिट्टी भरा डंपर। संवाद
खुटार। एडीएम के निर्देश और एसडीएम के नेतृत्व में टीम गठित होने के बाद भी अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जिला खनन अधिकारी अभिषेक पटेल ने शनिवार को मिट्टी भरे डंपर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। बाद में डंपर को ओवरलोड में सीज कर दिया गया।
पुवायां, खुटार और बंडा में मिट्टी का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है। कुछ दिन पूर्व एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने सुबह चार बजे पुवायां के गांव गंगसरा में अवैध खनन पकड़ा था। इसमें ट्रैक्टर-ट्राॅली को सीज किया गया था और जेसीबी को थाने में कई दिन तक खड़ा रखने के बाद छोड़ दिया गया था।
इसके बाद भी खनन की तमाम शिकायतें मिलने पर एडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई थी और अवैध खनन होने पर थाना प्रभारियों को जिम्मेदार मानने की बात कही थी, लेकिन खनन नहीं रुक सका। मिट्टी ढोने वाली ट्रैक्टर ट्राॅलियों से दो हादसे भी हो गए।
शनिवार को जिला खनन अधिकारी, राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ खनन की जांच करने गांव पुरेना पहुंचे। यहां मिट्टी भरकर आ रहे डंपर को रुकवाकर चालक से खनन के कागजात दिखाने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई कागजात नहीं दिखा सका।
जिला खनन अधिकारी ने बताया कि मिट्टी से भरे हुए डंपर को थाना खुटार में खड़ा कर दिया था। बाद में उसको ओवरलोड में सीज कर दिया। इसके अलावा खंड़सार, टाह खुर्द कलां, लड़ती, महारानीगंज आदि में भी खनन की जांच की गई।