शाहजहांपुर। अरबी फारसी मदारिस एसोसिएशन के अध्यक्ष इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां ने डीएम को ज्ञापन दिया। बताया कि तिलहर तहसील में एसडीएम जन्म प्रमाणपत्र जारी नहीं कर रहे हैं।
ज्ञापन में बताया कि मदरसा या विद्यालय से कक्षा पांच या आठ उत्तीर्ण कर चुके अनेक बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। तिलहर तहसील में आवेदन करने पर बच्चों के प्रमाणपत्र लंबित रखे जा रहे हैं या उन्हें निरस्त किया जा रहा है।
इससे बच्चों के शैक्षिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जन्म प्रमाणपत्र के अभाव में बच्चे आगे की पढ़ाई, छात्रवृत्ति, प्रवेश, आधार व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। डीएम ने इस मामले में एसडीएम को निर्देश दिया है कि बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र शीघ्र जारी किए जाएं। संवाद