बंडा। महिला मित्र के साथ मरीज को देखने बरेली गए मोहल्ला सुनासिरनाथ निवासी जगतपाल सिंह की वहां संदिग्ध हालात में हुई मौत के 13 दिन पुराने मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुत्र कपिल सिंह की तहरीर पर दर्ज हुई रिपोर्ट में मोहल्ला गायत्रीनगर निवासी महिला गोल्डी, उसके भाई हरिओम, बहनोई और उसकी पत्नी को आरोपी बनाया गया है।
कपिल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनके पिता का महिला गोल्डी के यहां आना-जाना था। इस बात से महिला के रिश्तेदार व मायके पक्ष के लोग नाराज रहते थे। गत 26 सितंबर को महिला गोल्डी ने उसके पिता से बरेली के एक अस्पताल में भर्ती बीमार भतीजे को देखने के लिए साथ चलने के लिए कहा।
महिला समेत उसके बहनोई कर्रखेड़ा गांव के रामसेवक, उसकी पत्नी और भाई के साथ पिता बरेली गए। 27 सितंबर की शाम पिता ने उन्हें फोन कर बताया कि वह चार लोगों के साथ बरेली मे रुके हैं। अगले दिन 28 सितंबर को सुबह चार बजे महिला ने फोन कर बताया कि उनके पिता की छत से गिरकर मौत हो गई है।
कपिल ने बताया कि मौके पर जाकर देखा तो पिता मृत मिले। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में भी उनके शरीर में कई चोटें दर्शाई गईं हैं। पुलिस घटना बरेली जनपद की बताकर मामले की रिपोर्ट दर्ज करने से कतराती रही, लेकिन बाद में उच्च अधिकारियों के आदेश पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।