भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। रामचंद्र मिशन क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला के साथ दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर बाद में उसे ब्लैकमेल किया गया। इस मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके पति दूसरे राज्य में एक फैक्टरी में काम करते हैं और वह उनके साथ ही रहती है। वहीं, हरदोई के मोहल्ला आजाद नगर निवासी अमित गुप्ता और उनकी पत्नी पायल गुप्ता भी काम करते हैं। गत 20 अक्तूबर को घर जाने के लिए पति को अवकाश नहीं मिलने पर वह अमित और पायल के साथ रोडवेज बस से शाहजहांपुर चली आई। उस दिन अमित और पायल उसी के घर रुक गए। महिला का आरोप है कि रात करीब दो बजे अमित ने उसे पकड़ कर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं ओर उसकी पत्नी पायल वीडियो बनाती रही।
आरोपी अमित ने उससे दुष्कर्म किया। अगले दिन दोनों वहां से चले गए, लेकिन गत 30 अक्तूबर को पायल ने पास में रहने वाली एक महिला के नंबर पर फोन कर उससे बात कर तीन लाख रुपये मांगे और नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। महिला ने थाने जाकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर अदालत की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू करा दी गई है। संवाद