फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: मनौना धाम जा रही बस अनियंत्रित होकर खाई में पलटी, 12 श्रद्धालु हुए घायल

विज्ञापन
तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे पर जैतीपुर के करकौर तिराहे पर सड़क किनारे पलटी निजी बस। संवाद
विज्ञापन
जैतीपुर (शाहजहांपुर)। बहराइच से श्रद्धालुओं को लेकर आंवला (बरेली) के पास मनौना धाम जा रही निजी बस शुक्रवार को मध्यरात्रि के बाद करीब तीन बजे करकौर गांव के चौराहे के पास गड्ढों में पहिया जाने से अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन 12 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को मामूली चोटें आई हैं।
विज्ञापन

मनौना धाम जा रहे श्रद्धालु कमलेश, राकेश आदि ने बताया कि वे बहराइच से रात करीब नौ बजे निकले थे। सीतापुर आकर वहां से कुछ लोगों के रिश्तेदार बस में सवार हुए। मध्यरात्रि के बाद करीब तीन बजे बस करकौर चौराहे पर पहुंची। उस वक्त बस में लगभग 40 यात्री सवार थे और अधिकांश गहरी नींद में थे।
अचानक बस पलटने से चीख-पुकार मच गई। बस पर सवार साजन, राजकुमार, राजू, श्यामसुंदर आदि ने बताया कि चौराहे के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश में चालक ने बस किनारे मोड़ी। इसी दौरान अगला पहिया गड्ढे में चले जाने से बस अनियंत्रित हो गई और खाई में पलट गई।
विज्ञापन

बस पलटने से हुई तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस के सामने के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस और 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। जिन लोगों ने चोटों से दर्द की शिकायत की, उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी भेजकर वहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि सड़क खराब होने से अक्सर करकौर चौराहे के पास वाहन पलटने के साथ बाइक सवार गिर जाते हैं। पुलिस के अनुसार बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। अस्पताल में घायल और चोटिल यात्रियों का इलाज कराने के बाद सभी को पुलिस ने दूसरी बस से मनौना धाम रवाना कर दिया।


इन श्रद्धालुओं को आई चोटें

करन सिंह की पत्नी अनीता, अंकित की पत्नी रूपा, लक्ष्मण की पत्नी सोमा देवी, मलंगी, दुर्वेश की पत्नी सुधा, रामधुनी, अरविंद, राकेश, कमलेश, साजन और दो अन्य को चोटें आई हैं।

घूरा साफ किए जाने से मार्ग के किनारे बन गया गहरा गड्ढा
स्टेट हाईवे के किनारे जहां बस पलटी, वहां गांव का एक व्यक्ति का घूरा पड़ता था। उसने दो दिन पहले ही वहां से घूरा हटाया था। इस कारण वहां गहरा गड्ढा बन गया। मार्ग पर रात में बस चालक उसे देख नहीं सका। खास यह है कि हाईवे का चौड़ीकरण हुए अभी तीन वर्ष भी नहीं हुए हैं, लेकिन बेला डांडी पुल से तिलहर तक करीब 25 किमी के दायरे में हाईवे पर सैकड़ों गडढे हो गए हैं।


हादसा होने के बाद लोनिवि ने गड्ढों में कराया भराव
हादसा होने के बाद लोक निर्माण विभाग को गड्ढे समतल कराने की सुध आई। दोपहर बाद लोनिवि के कर्मचारी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से पत्थर और मिट्टी लेकर मौके पर पहुंचे। गड्ढों में पहले पत्थर डाले गए और ऊपर से मिट्टी और मोरंग का भराव किया गया। हालांकि, यह व्यवस्था भी कामचलाऊ है, क्योंकि बारिश में मौरंग बहने पर गड्ढे फिर से उभरना तय है। ग्रामीणों ने बजरी-कोलतार से गड्ढे भरे जाने की मांग की है।

टायर फटने से ऑटो खाई में पलटा, महिला समेत तीन यात्री घायल



निगोही। लिपुलेख-भिंड हाईवे पर गिरगिचा स्थित चीनी मिल के पास शनिवार को सुबह करीब दस बजे हमजापुर चौराहा से यात्रियों को लेकर जा रहा ऑटो टायर फट जाने से अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में ऑटो पर सवार पिपरिया खुशहाली गांव के सुमंगल सिंह, डंडिया बाजार निवासी राहुल की पत्नी वंदना और पैतापुर निवासी नेमचंद्र की पुत्री शीतल घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने इन सभी को ऑटो से निकाला और सीएचसी भेजा। वहां सभी को प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया। संवादे

तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे पर जैतीपुर के करकौर तिराहे पर सड़क किनारे पलटी निजी बस। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें