धमकी के चलते पलायन कर गया परिवार
- रिपोर्ट दर्ज, पुलिस पर आरोपी की मदद का आरोप
- एसओ ने किया मामले की जानकारी से इंकार
अमर उजाला ब्यूरो
खुटार। दबंगों की धमकी और उनकी पुलिस से साठगांठ के चलते एक परिवार को गांव से पलायन कर जाना पड़ रहा है। खास यह है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी थानाध्यक्ष मामले की जानकारी से इंकार कर रहे हैं।
मामला गांव कुरैया खानपुर का है। यहां के रहने वाले भज्जूलाल का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। इसको लेकर दूसरे पक्ष के लोग उसके साथ आए दिन मारपीट और गाली गलौज करते रहते हैं। पुलिस को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती। कुछ दिन पूर्व उसका पुत्र अमित कुमार पशु चराने गया था। वहां दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे पीट दिया। घर आकर जानकारी देने पर पत्नी नन्हीं देवी शिकायत करने गईं तो आरोपियोें ने उन्हें लाठी-डंडे से इतना पीटा कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
जानकारी पाकर वह पत्नी को उठाकर लाया और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने सात जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि दबंगों ने पुलिस से साठगांठ करने के बाद उसे राजीनामा करने के लिए धमकाना शुरू कर दिया। उसने पुलिस को व्यथा बताई, लेकिन उसे थाने से फटकार कर भगा दिया गया। मजबूरन रविवार को वह परिवार सहित गांव से पलायन कर गया। भज्जूलाल ने बताया कि अब वह अपनी ससुराल पुवायां के गांव धारा में जाकर रहेगा।
एसओ राजेश सिंह का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। यदि कोई धमकी दे रहा था तो पलायन नहीं कर उन्हें मामले की जानकारी देनी चाहिए थी। दर्ज रिपोर्ट पर कार्रवाई के बारे में पूछने पर उन्होंने रिपोर्ट की जानकारी से इंकार कर दिया।