शाहजहांपुर। मंडलायुक्त के रवींद्र नायक ने जिले के पुलिस और प्रशासन से जुड़े अधिकारियों को कानून व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने केनिर्देश दिए। सोमवार को देर शाम विकास भवन सभागार में पुलिस-प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों की बैठक में उन्होंने विभिन्न अभियोगों में वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की।
करीब तीन घंटे तक चली मैराथन बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त नायक ने कहा कि वर्तमान में कानून व्यवस्था बनाए रखने का मुद्दा सरकार और शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। शासन की इसी मंशा के अनुरूप पुलिस अधिकारी गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और आईपीसी की अन्य धाराओं के तहत आरोपियों पर कार्रवाई में तेजी लाएं। बैठक में डीएम अपर्णा यू, एसपी राकेश चंद्र साहू, सीडीओ डॉ. रमाशंकर मौर्य, दोनों एडीएम व अपर पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम आदि अधिकारी मौजूद रहे।