काफी विरोध के बाद हटाया जा सका अवैध खोखा
- एसओ आरसी मिशन ने पहुंचकर भीड़ को किया काबू
- लोहे का एक खोखा हटाने में लगा चार घंटे का समय
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला दलेलगंज में स्थित भुर्जियों वाली पुलिया के पास वाली गली में अवैध रूप से रखे लोहे के खोखे को हटाने पहुंचे पालिका कर्मियों का मोहल्ले वासियों ने घेराव कर लिया। बाद में जब काफी संख्या में पुलिस वाले आ गए तब ही खोखा हटाया जा सका। इस दौरान पालिका कर्मियों की मोहल्ले वालों से कई बार नोकझोंक भी हुई और एक खोखा हटाने में करीब चार घंटे का समय लग गया।
दलेलगंज के रहने वाले बाबू अली पुत्र अब्दुल कदीर ने तहसील दिवस में शिकायत की थी कि उनके मोहल्ले के रहने वाले तौहीक और खालिद ने अवैध अतिक्रमण करके गली में लोहे का खोखा रख लिया है। इस शिकायत पर एक्शन लेते हुए नगर पालिका परिषद के ईओ ने शनिवार को खोखा हटवाने का आदेश किया था।
ईओ के आदेश पर शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पालिका परिषद के जेई विक्रमाजीत यादव, ड्राफ्ट्समैन कुलभूषण वर्मा और विजय शुक्ल अन्य कई पालिका कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और खोखा हटाने का प्रयास किया। इस पर अतिक्रमणकारियों ने खोखा हटवाने के लिए नमाज अदा कर लेने तक का समय मांगा, जिस पर पालिका कर्मी राजी हो गए। जुमे की नमाज अदा हो जाने के बाद जब पालिका कर्मियों ने खोखा हटाना शुरू किया तो वहां पर कई लोगों ने पालिका कर्मियों का घेराव कर लिया। इससे सुरक्षा के लिए गए दो पुलिस कर्मियों को भीड़ पर काबू पाने में काफी मुश्किल हुई। बाद में पर्याप्त पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे आरसी मिशन थाना प्रभारी ने बेकाबू भीड़ को काबू किया। इसके बाद शाम करीब चार बजे के बाद ही अवैध रूप से रखा लोहे का खोखा बमुश्किल हटाया जा सका।