गांव के कुछ लोगों ने भाकियू पदाधिकारी को किया घायल
- छह लोगों पर मुकदमा दर्ज, घायल को मेडिकल के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
खुदागंज। क्षेत्र की ग्राम पंचायत पहाड़ीपुर भोपत में शनिवार को हुई खुली बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन के ब्लाक अध्यक्ष अवधेश तिवारी को गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर उनका सिर फोड़ दिया। खुली बैठक में मारपीट होने से भगदड़ मच गई। इस दौरान वहां पर मौजूद ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) सहित अधिकांश लोगों ने वहां से खिसकने में ही भलाई समझी। पुलिस ने घायल की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ एकराय होकर हमला करने एवं गालीगलौज करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शनिवार को करीब साढ़े तीन बजे ग्राम प्रधान माया देवी और वीडीओ ओमेंद्र कुमार की मौजूदगी में बैठक शुरू हुई। तभी अवधेश तिवारी ने अपने घर के सामने सड़क बनवाने का प्रस्ताव रखा, जिसका विरोध उसी गांव के रहने वाले रमेश ने विरोध किया। इस पर तनातनी हो गई। बात बढ़ने पर रमेश समेत अनिल, धनपत, राजेश, सोनू एवं अनिल ने अवधेश को पीटना शुरू कर दिया। इससे बैठक में भगदड़ मची तो हमलावरों ने उनका सिर फोड़ दिया। मामले की सूचना मिलने पर खुदागंज के कार्यवाहक थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और अवधेश की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही मेडिकल कराने के लिए तिलहर के अस्पताल में भेज दिया।