नुमाइश में लगे जेनरटरों का हुआ था विरोध
- कंपन रोकने को नहीं लिया गया कोई निर्णय
- डीएम ने शिकायत पर अधीनस्थों को सौंपा था मामला
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। शहर के शहीद द्वार मैदान में नुमाइश में लगे भारी झूलों को नहीं हटवाया जाएगा। हां, इतना जरूर होगा कि भारी झूलों को संचालित करने वाले जेनरेटरों में साइलेंसर लगाए जाएंगे, जिससे आवाज के शोर से लोगों को परेशानी न हो। सिटी मजिस्ट्रेट ने यह निर्णय दोनों पक्षों के लोगों को सदर बाजार थाने में बुलाकर लिया।
आरएसएस के पदाधिकारियों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया था, भारी झूलों के तेज चलने की वजह से पास में ही उनके संगठन के भवन में कंपन होता है। इससे उनके भवन के गिरने की आशंका रहती है। साथ ही पास में स्थित वाटर ओवरहेड टैंक को भी खतरा हो सकता है। इसके बाद आरएसएस, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) व अन्य संबंधित संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नुमाइश में लगने वाले भारी झूलों पर रोक लगाने की मांग की थी। कुछ शहरवासियों ने भी डीएम को ज्ञापन दिया था। इस पर डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट को मामला निस्तारित करने के लिए उन्हें सौंप दिया था।
बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट सीताराम गुप्त और सीओ सिटी राजेश्वर सिंह ने नुमाइश में लगने वाले झूलों का निरीक्षण किया। इसके बाद सदर थाने में मीडिया को बताया कि पिछले 15 वर्षों से शहर में नुमाइश लगाई जा रही है, जिसमें झूले भी लगाए जाते रहे हैं। जिन जनरेटरों से समस्या हो रही है उनमें साइलेंसर लगवाए जाएंगे। बताया कि अन्य दुकानदारों से बात की तो किसी ने झूले लगने से ऐतराज जाहिर नहीं किया। साइलेंसर का इंतजाम झूले वाले खुद करेंगे, वे बरेली से मंगा रहे हैं।
आरएसएस का विरोध जारी रहेगा
आरएसएस के विभाग प्रचारक दिनेश लवानिया एवं जिला कार्यवाह रवि मिश्र का कहना है कि जेनरेटरों मेें साइलेंसर लगने की वजह से भवन का कंपन कम नहीं होगा, इसलिए उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा। यह एक कानूनी मामला है, इसेे कानून के जरिए ही निपटा जाएगा।
अभाविप ने सौंपा डीएम को ज्ञापन
शाहजहांपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने डीएम को पत्र देकर कहा है कि झूलों और झूलों के संचालित करने के लिए चलाए जाने वाले जेनरेटरों के कारण आसपास की इमारतों में कंपन होने लगता है, इसलिए इन पर प्रतिबंध लगाया जाए। ज्ञापन देने वालों में राधे मिश्रा, सैफ अली खां, प्रशांत पांडेय, रजत वाजपेयी, बाबा, राजन, शिवम् कुमार आदि शामिल रहे।