- हर मूवमेंट पर नजर रखेंगे छह सीसीटीवी कैमरे
- तीन-तीन घंटे की लगातार ड्यूटी पर लगाए गए छह-छह जवान
- चुनाव प्रेक्षक और जिला निर्वाचन अधिकारी की भी रहेगी नजर
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। लोकसभा की मैदान-ए-जंग में जिले से उतरे 13 महायोद्घाओं का नसीब ईवीएम मशीनों में बंद हो गया है। ईवीएम की सुरक्षा में कोई परिंदा भी पर न मार सके, कुछ ऐसे सुरक्षा के इंतजाम प्रशासन ने किए हैं। ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए छह सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं, जिनसे हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने के लिए सीआईएसएफ की तीन प्लाटून लगाई गईं हैं, जो तीन-तीन घंटे की लगातार ड्यूटी देंगी।
बता दें कि ईवीएम मशीनों को विधानसभावार 3-ए और 3-बी गोदामों में रोजा मंडी में रखा गया है। 3-ए गोदाम में तिलहर, जलालाबाद और कटरा विधानसभा क्षेत्र और 3-बी में ददरौल, सदर और पुवायां विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम को रखा गया है। ईवीएम की सुरक्षा दोहरा सुरक्षा घेरा बनाया गया। आंतरिक सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ की तीन प्लाटून यानि कि 30 जवानों को लगाया गया है। दोनों गोदामों में तीन-तीन घंटे की शिफ्ट में छह जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। चार सुरक्षाकर्मी गेटों पर खड़े रहेंगे, जबकि दो जवान बराबर राउंड पर रहेंगे।
बाह्य सुरक्षा यानि कि दूसरे सुरक्षा घेरे में 12 थानों और कोतवाली के थानाध्यक्ष और इंस्पेक्टर अपनी फोर्स के साथ ड्यूटी देंगे। इसमें आठ घंटे ड्यूटी और एक घंटा ओवरलैपिंग मिलाकर नौ-नौ घंटों तक चार-चार थानों के एसओ और इंस्पेक्टर सुरक्षा करने के लिए तैनात रहेंगे। बाहरी सुरक्षा की मॉनीटरिंग सीओ स्तर से और आंतरिक सुरक्षा की मानीटिरिंग सीआईएसएफ के निरीक्षक के स्तर से हो रही है। शुक्रवार को दिन में एसओ खुदागंज, खुटार, तिलहर इंस्पेक्टर और महिला थाना इंचार्ज सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी पर रहे।
स्ट्रंागरूम और सीडब्ल्यूसी परिसर की निगहबानी के लिए दो कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और वहां पर छह सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे स्ट्रांगरूम, सुरक्षागार्डों पर नजर रखने और एक कैमरा मुख्य द्वार पर लगाया गया है, जो हर आने-जाने वाले पर नजर रखेगा। इसके अलावा पुलिस ने भी वायरलेस रूम बनाया है। इस सुरक्षा व्यवस्था की खास बात यह है कि ईवीएम मशीन रखे जाने वाले स्थल पर चुनाव प्रेक्षक और जिला निर्वाचन अधिकारी की भी नजर रहेगी।
ईवीएम की सुरक्षा के किए तिहरे इंतजाम
‘ईवीएम की सुरक्षा के तिहरे इंतजाम किए गए हैं। पहले तो छह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। दूसरा सीआईएसएफ की एक कंपनी फोर्स लगाई गई है। तीसरा बाह्य सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इसके साथ ही अधिकारी उसका निरीक्षण भी करेंगे।’
शिवपूजन, प्रभारी अधिकारी स्ट्रांग रूम एवं एडीएम प्रशासन