डॉ. वसीम और एजाज ने
क्षेत्र में किया तूफानी दौरा
- नौशीन भाभी ने वोटरों को दिखाया हर वर्ग के विकास का सपना
शाहजहांपुर। मंगलवार यानी लोकसभा चुनाव 2014 के प्रचार का आखिरी दिन। पीस पार्टी के प्रचार में कोई कमी न रहे इसलिए पार्टी पदाधिकारियों ने जिले में कई स्थानों पर तूफानी दौरे करके नौशीन भाभी ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। वहीं पार्टी प्रत्याशी में भी चुनाव प्रचार के दौरान खासा आत्मविश्वास नजर आया।
सबसे पहले पार्टी के प्रदेश महासचिव डॉ. वसीम हसन खां और प्रदेश उपाध्यक्ष एजाज हसन खां ने सुबह ही पूरे जोश के साथ चमकनी, अंजान चौकी सहित शहर के कई मोहल्लों में तेज जनसंपर्क किया। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों ने निगोही क्षेत्र के तकरीबन 50 गांवों में भ्रमण पर पार्टी प्रत्याशी नौशीन के पक्ष में वोट देने की अपील की। इनके साथ जिलाध्यक्ष अब्दुल नदीम खां, मोहम्मद चांद, जीमल, बिलाल, नूर मोहम्मद आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
पीस पार्टी की लोकसभा प्रत्याशी सुनीता सुजाता नागपाल उर्फ नौशीन भाभी ने सदर विधानसभा क्षेत्र के कई मोहल्लाें और गांवों में घूमकर वोट मांगे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने बहुत आत्मविश्वास के साथ वोटरों से बात करते हुए समाज के हर वर्ग के विकास का सपना दिखाया। उनके साथ पीएफआई के जिलाध्यक्ष मोहम्मद फरहान, कासिम इदरीसी, शाकिर, नसीम खां आदि शामिल रहे। वहीं पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. रफत हुसैन ने पुवायां विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में नुक्कड़ सभाएं करके पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाया।
वीएम ने मांगे उमेद
सिंह के लिए वोट
निगोही। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष वीएम सिंह स्थानीय गुरुद्वारे आए और मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों से कहा कि आज चाहे कांग्रेस हो या भाजपा, सभी दलों ने किसानों को ठगा है। किसानों को न्याय एक रणनीति के तहत ही मिल सकता है, जब वे उनके लिए लड़ाई लड़ने के लिए हामी भरने वाले प्रत्याशी को जिताएं।
श्री सिंह ने कहा कि अलग-अलग दलों के उन सात प्रत्याशियों को चुनाव लड़ा रहा हूं, जिन्होंने किसानों को उनके हक दिलाए जाने की बात की है। किसानों के ही उत्थान से देश का विकास संभव है। सभी दलों ने किसान को ठगा है। उन्होंने कहा किसानों के हक दिलाए जाने के लिए अपनी जंग जारी रखेंगे। इस अवसर पर जगजीत सिंह उर्फ काले, हरजीत सिंह, परमजीत सिंह, दिलबाग सिंह, टीटू सिंह, मंजीत सिंह सहित तमाम लोगों ने बसपा प्रत्याशी उमेद सिंह को विजयी बनाने की अपील की।
सपा प्रत्याशी ने रोड शो
कर मांगे अपने लिए वोट
निगोही। मंगलवार सुबह सपा प्रत्याशी मिथिलेश कुमार ने कस्बे के मदरसा, बारहराना गौटिया, सब्जी बाजार, गल्ला बाजार पर रोड शो कर पार्टी के पक्ष में मतदान कर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को प्रधानमंत्री बनाए जाने की अपील की। सांसद ने रोड शो के दौरान लोगों से वोट मांगे। इस दौरान कयूम खां, हाजी मकसूद खां, नसीम खां, डा. शाहिद खां, डा. यासीन खां, साबिर खां, विनोद अवस्थी, हरिश्चन्द्र वर्मा, आशिफ खां, लल्ला खां सहित तमाम कार्यकर्ताओं उनके साथ रहे।