एमएलसी जयेश ने संभाली बसपा की चुनावी कमान
- प्रत्याशी उमेद ने क्षत्रिय समाज में फैली बातों को गुमराह करने वाला कहा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। एमएलसी जयेश प्रसाद ने शाहजहांपुर सीट पर बसपा प्रत्याशी उमेद सिंह कश्यप की चुनावी कमान संभाल ली है। सुरक्षित सीटों की जिम्मेदारी संभाले जयेश प्रसाद ने इसकी शुरुआत सोमवार को प्रसाद भवन पर कार्यकर्ता सम्मेलन करके की। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए अपने अलग अंदाज में बात कही। बोले, हमारे कार्यकर्ता पर किसी ने उंगली उठाई तो तोड़ देंगे।
जिले भर से बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं से जयेश प्रसाद ने कहा कि सत्तापक्ष के नेताओं से डरने की कतई जरूरत नहीं है। बोले, इसका एक ही जवाब होगा कि उमेद सिंह को जिताकर दिल्ली भेजें। जोन कोआर्डिनेटर राममूर्ति लाल ने कहा कि सपा की गुंडागर्दी देखने के बाद सारे लोग बसपा की तरफ देख रहे हैं। बस जरा सी मेहनत की जरूरत है। उमेद सिंह कश्यप ने कहा कि उनके विरोधी नेता क्षत्रिय समाज में गलत अफवाहें फैलाकर समाज को गुमराह कर रहे हैं। बोले, क्षत्रिय समाज के साथ उनका पारिवारिक नाता रहा है। क्षत्रिय समाज का सम्मान करता रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा। सम्मलेन जोन कोआर्डिनेटर अरुण सागर, पूर्व विधायक आरके शर्मा, लोकसभा प्रभारी उमेश चन्द्र पाठक आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन जोन कोआर्डिनेटर जितेंद्र नाथ तिवारी ने किया। प्रमुख रूप से अजय दत्त त्रिपाठी, राजू बग्गा, विजय प्रेमी, सईद खां, शाहनवाज अंसारी, श्रीनिवास मिश्रा आदि मौजूद रहे।