तिलहर का मनोरमा हत्याकांड
- मौके से मिले कारतूस और मृतका की शाल भी भेजी जांच को
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/तिलहर। सपा नेता रूम सिंह यादव की पत्नी मनोरमा की हत्या के मामले के खुलासे को लगी पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। पुलिस ने घटना स्थल से बरामद खोखे, मृतका की शाल और सपा नेता की रायफल कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच को भेजी है।
इंस्पेक्टर तिलहर परवेज मियां ने बताया कि छह नवंबर की रात तिलहर कस्बे के सपा नेता रूम यिंह यादव की पत्नी मनोरमा की हुई हत्या के मामले की जांच बारीकी से की जा रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने मौके से मिले खोखे, मृतका की शाल बरामद की थी। यही नहीं, जांच को पहुंचे डॉग स्क्वायड को एक चला हुआ कारतूस रूम सिंह के कमरे से मिला था। इसे भी सील कर दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि रूम सिंह की रायफल भी कब्जे में ले ली गई है। रायफल को भी फॉरेंसिक जांच को भेजा जा रहा है। इंस्पेक्टर का कहना था कि जांच के दौरान मौके से मिलने वाली चीजों को फारेंसिक जांच के लिए भेजना जांच प्रक्रिया का एक हिस्सा होता है, जिसे पूरा किया जा रहा है। जल्द ही घटना का वर्कआउट किया जाएगा, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।