लूटकांड के खुलासे के बाद अब मास्टर माइंड की तलाश
- ग्यारह दिन पहले चालक को गोली मारकर लूटा गया था वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
मीरानपुर कटरा। ग्यारह दिन पहले चालक को गोली मारकर लूटी गई टाटा मैजिक पुलिस ने बरामद कर ली है। लूट की वारदात करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। लूटकांड का मास्टर माइंड अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।
खुदागंज के मोहल्ला सदर निवासी सुरेश प्रताप सिंह विगत 19 अक्तूबर की रात अपनी टाटा मैजिक से कटरा से खुदागंज लौट रहा था। रात में बदमाशों ने उसे गांव मकरंदापुर के निकट गोली मारकर घायल कर दिया और बदमाश उसकी टाटा मैजिक लूट ले गए थे। बदमाशोें की गोली से घायल हुए सुरेश को बरेली के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। कई दिन तक इलाज चलने के बाद अब उसकी हालत में काफी सुधार है। इधर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की सुरागरसी शुरू कर दी थी। एसओ नरेन्द्र यादव ने बताया कि बुधवार को मुखबिर ने दोपहर करीब एक बजे सूचना दी कि लूटी गई टाटा मैजिक को लेकर बदमाश जलालाबाद रोड पर कटरा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने कड़ा जाल बिछा दिया। मैजिक दिखाई देते ही पुलिस ने घेराबंदी कर गाड़ी को बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार थाने पर पूछताछ में गाड़ी के साथ पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम राकेश पुत्र भगवानदास निवासी ग्राम मकरंदापुर थाना खुदागंज बताया। साथ ही उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह मुहल्ला कायस्थान निवासी मंगल सिंह पुत्र जयवीर सिंह की टाटा मैजिक चलाता है। 19 अक्टूबर की रात उसके मालिक मंगल सिंह, कल्लू, अजयपाल और एक अन्य कल्लू नाम के व्यक्ति ने मैजिक लूटकांड की घटना को अंजाम दिया था। क्योंकि उसके मालिक मंगल सिंह की टाटा मैजिक का इंजन सीज हो गया था। उसी का इंजन बदलने के लिए इस लूटकांड की घटना को अंजाम दिया गया था।
ऐसे फंसाया चालक को
पुलिस ने बताया कि घटना की शाम को मंगल सिंह सवारी बनकर सुरेश के पास गया और चार सौ रुपये में गाड़ी बुक की थी। कटरा आने के बाद उसने अपने चालक राकेश को साथ लिया और तब पांचों लोग फिर उसी गाड़ी में बैठकर खुदागंज को चल दिए। गांव मकरंदापुर के निकट पहुंचते ही मंगल सिंह ने टाटा मैजिक रोकने को कहा किंतु जब सुरेश ने गाड़ी नहीं रोकी तो मंगल सिंह ने गोट से तमंचा निकाल कर सुरेश के गोली मार दी। फिर उसे घायल अवस्था में सड़क के किनारे फेंक उसकी मैजिक लेकर कटरा की तरफ चल दिए। उन्होंने राकेश को यहीं छोड़ दिया और गाड़ी लेकर फर्रूखाबाद की ओर चले गए। पुलिस के मुताबिक इस घटना का मास्टर माइंड मंगल सिंह रहा है। जिसकी तलाश की जा रही।