- मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, चढ़ाई बेलपत्र, मांगीं मन्नतेंॉ
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। ज्यों-ज्यों सावन का महीना समापन की ओर बढ़ रहा है, त्यों-त्यों भोले बाबा के भक्तों में उल्लास और भक्ति-भावना बढ़ती जा रही है। सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह दिखाई दिया। मंदिरों में पूजा-पाठ बढ़ गया है।
मंदिरों में सोमवार को सुबह तड़के से ही बम-बम भोले, जय बाबा के जयघोष सुनाई पड़ने लगे। घंटों की टंकार वातावरण में गूंज रही थी। बाबा विश्वनाथ मंदिर हो या फिर बाबा बनखंडीनाथ मंदिर, चौकसीनाथ मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर अथवा अन्य शिवालय, सभी जगह भगवान शिव के भक्त ही दिखाई पड़े। युवक-युवतियों, पुरुषों-महिलाओं और बच्चों में अगाध श्रद्धाभाव दिखाई पड़ रहा है।
भक्तों ने शिवलिंग का अभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प, फल, मिष्ठान, भांग, धतूरा आदि चढ़ाकर आरती उतारी। शाम को मंदिरों में भोले बाबा के दर्शनों को श्रद्धालु उमड़ पड़े। सभी प्रमुख मंदिरों में देर रात तक भीड़ जुटी रही। सुरक्षा के लिहाज से मंदिरों में पुलिस बल तैनात रहा। नगर पालिका परिषद की ओर से मंदिरों के आसपास चूने का छिड़काव भी कराया जा रहा है।