सात पशुओं की मौत, गेहूं समेत लाखों की संपत्ति नष्ट
- गांव में मचा हाहाकार, नुकसान देखकर रो पड़े पीड़ित
- दमकल की दो गाड़ियों ने चार घंटे तक लपटें बुझाईं
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़िया रंगीन (शाहजहांपुर)। आसमान से बरस रही आग और उसके साथ चल रहे हवा के गर्म थपेड़ों से बेपरवाह होकर की गई जरा सी लापरवाही से बुधवार को क्षेत्र के गांव धुबला करीमनगर को आग के गोले में बदल दिया। दोपहर के वक्त हुए इस अग्निकांड से 37 घर तबाह हो गए और उनमें उदासी का अंधेरा पसर गया। यही नहीं, सात पशु जिंदा जल गए और सैकड़ों क्विंटल गेहूं समेत लाखों की घरेलू संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई।
दोपहर करीब ढाई बजे घूरे पर डाली गई रसोई की राख से उठी चिंगारी आमिर उर्फ पप्पू के घर के बाहर पड़े छप्पर पर जाकर बैठ गई। उस वक्त तेज हवा चल रही थी। उसका साथ पाकर छप्पर सुलगने लगा। उस ओर ध्यान तब गया जब हवा के झोंके से छप्पर में लगी आग से लपटों के साथ गाढ़ा धुआं निकलने लगा। पप्पू ने शोर मचाकर पानी डालना शुरू किया, लेकिन तब तक लपटें विकराल हो र्गइं और आंच पाकर पड़ोस के घर का छप्पर भी जल उठा।
इस तरह कुछ ही देर में आग ने आसपास कई अन्य घरों को भी चपेट में ले लिया। इससे ग्रामीणों में हाहाकार मच गया। नगदी-जेवर, बच्चे आदि बचाने के साथ लोग खूंटों में बंधे पशु खोलने में जुट गए। नतीजे में आग और भड़क गई। देखते-देखते आग करीब तीन दर्जन घरों में भड़क उठी। सूचना पाकर एक घंटे बाद मुख्यालय से दमकल यूनिट गांव पहुंची, लेकिन आग की भयावहता देख फायर ब्रिगेड की दूसरी यूनिट भी बुला ली।
दमकल कर्मियों की टीमें करीब चार घंटे तक आग बुझाने में जुटी रहीं। इस काम में उन्हें करीब चार घंटे, लेकिन तब तक 37 घरों में सात पशुओं की मौत के साथ उनमेें रखा पांच सौ क्विंटल गेहूं, बिस्तर, कपड़े, बर्तन, जेवर आदि लाखों की घरेलू संपत्ति जलकर नष्ट हो चुकी थी। आबिद खां के पुत्र गुड्डू खां व राशिद, रामभरोसे, उसके बेटे जयवीर व जगवीर, शेर खां पुत्र आबिद हसन, पप्पू पुत्र नबीहसन और शाकिर को ज्यादा नुकसान हुआ।
अग्निकांड मेें सुखपाल की पल्सर बाइक आंच पाते ही आग के गोले में बदलकर नष्ट हो गई। यही नहीं, आबिद खां की दो गाय व एक भैंस, गुड्डू की एक गाय, रामभरोसे और उनके दोनों बेटों की एक-एक पड़िया जिंदा जल गई, जबकि कई अन्य पशु झुलस गए। देर शाम तक नुकसान का जायजा लेने कोई कर्मचारी गांव नहीं पहुंचा। हालांकि, पीड़ितों का दुख देख उनके पड़ोसी मदद को आगे आ रहे हैं। इस बीच, विधायक राजेश यादव केभाई रिंकू यादव ने गांव जाकर पीड़ितों को सांत्वना सहित आर्थिक सहायता दी।