अपहृत बेटी पाने को दंपति ने जारी रखा सत्याग्रह
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। बिजलीपुरा से पांच माह पूर्व अपहृत किशोरी की बरामदगी को शोषित समाज मोर्चा के तमाम कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस बीच, अपहृत बेटी पाने को दंपति ने 51वें दिन भी धरना पर डटे रहकर सत्याग्रह जारी रखा।
बता दें कि अपहृत किशोरी बरामद नहीं होने पर मोर्चा केप्रदेश अध्यक्ष फकीरे लाल भोजवाल ने प्रशासन को आज प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। उनकी घोषणा के अनुरूप संगठन से जुड़ी महिलाएं और पुरुष सुबह से कलक्ट्रेट में जमा होने लगे। दोपहर तक निगोही क्षेत्र से कार्यकर्ताओं की कई ट्रालियां आ जाने से धरना स्थल पर काफी भीड़ हो गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करके गुस्से का इजहार किया और वहीं पर धरना शुरू कर दिया।
इस अवसर पर हुई सभा मे मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भोजवाल ने कहा कि गरीब दंपति की बेटी होली से पहले बरामद नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक करके एसपी और डीएम के आवासों पर डेरा डाल दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष कालूराम रावल ने राजनेताओं पर प्रशासन की तरह गरीबों को ठोकरें मारने का आरोप लगाते हुए कहा कि लाचारों की उपेक्षा उन्हें भविष्य के चुनावों में महंगी पड़ेगी।
मोर्चा के प्रदर्शन को समर्थन देते हुए भाकपा नेता रामशंकर लाल ने कहा कि गरीबों की हाय अफसरों का चैन छीन लेगी। प्रदर्शन में श्रमिक नेता जगदीश प्रसाद, सत्यपाल मिश्रा, पार्वती देवी, रामफूल, सुरेश कुमार, ओमप्रकाश, डॉ. प्यारे लाल, मुकेश राठौर, अजय भोजवाल, फुरकान अहमद, राम सिंह राठौर, अजीज कुमार, लीला वती, विनीत श्रीवास्तव, दाता राम, रामकुमारी, धन देवी, रेशमा, कुसुमा, राधा, नंदरानी, श्याम मोहन शर्मा, रघुवीर आदि शामिल रहे।
अपहृत युवती की बरामदगी का मामला
विहिप और बजरंग दल
का तहसील पर प्रदर्शन
- राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
अमर उजाला नेटवर्क
जलालाबाद। जिला मुख्यालय स्थित बिजलीपुरा इलाके से कथित अपहृत युवती को अब तक बरामद न किए जाने से नाराज विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तहसील पर प्रदर्शन कर प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन एसडीएम को दिया। ज्ञापन में मांग पूरी न किए जाने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
पूर्व में बालाजी धाम पर कार्यकर्ताओं की हुई बैठक में वक्ताओं ने इस घटना पर अफसोस जताते हुए करीब तीन महीने पुराने इस मामले में अब तक लड़की को बरामद न करने पर कड़ी नाराजगी जताई गई। बैठक के बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे जहां सामूहिक प्रदर्शन कर इस घटना को लेकर अपना आक्रोश जताया।
इसके बाद एसडीएम ओपी तिवारी को दिए ज्ञापन में युवती को अविलंब बरामद किए जाने, इस मामले में अब तक बरती गई लापरवाही के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने तथा पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग राज्यपाल से की गई है।
ज्ञापन देने तथा प्रदर्शन करने वालों में कमलेश अवस्थी, दीपू सक्सेना, आलोक शर्मा, अनुराग अग्निहोत्री, केतन सक्सेना, मुनिराज सिंह, सचिन शर्मा आदि शामिल रहे।
पुवायां। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर शाहजहांपुर से अपहृत किशोरी को शीघ्र बरामद कर परिजनों को सौंपे जाने की मांग की है। ज्ञापन पर विपिन शुक्ला, राजीव सिंह, रामऔतार वर्मा, प्रवीण सिंह, मुरारीलाल, प्रदीप कुमार, हिमांशु वाजपेयी आदि के हस्ताक्षर हैं।
हिंदू शक्तिदल का प्रदर्शन आज
शाहजहांपुर। एक अपहृत लड़की की लंबे समय बाद भी बरामदगी न हो पाने के विरोध में हिंदू शक्तिदल के कार्यकर्ता कल दो मार्च को हिंदू संगठनों के साथ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेंगे। यह निर्णय दल के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्निहोत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
इस दौरान डॉ. पुनीत त्रिवेदी, शिवनंदन सागर, आशीष मिश्रा, विजय हिंदू, हरिकृष्ण, रामजी गुप्ता, रमेश चंद्र, उमाकांत वर्मा आदि मौजूद रहे।