नईम क्लब से खिताबी भिड़ंत कल
- शहीद कैप्टन कन्हैया लाल शुक्ल क्रिकेट प्रतियोगिता
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। अमर शहीद कैप्टन कन्हैया लाल शुक्ल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मैच में फिरोज क्लब से शर्मा क्लब को पराजित कर फाइनल में जगह पक्की कर ली। अब फाइनल में फिरोज क्लब का मुकाबला नईम क्लब से होगा। खिताबी भिड़ंत दो जनवरी को होगी।
लज्जाराम अकादमी के बैनर तले कैंट मैदान पर खेली जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता में शर्मा क्लब और फिरोज क्लब के बीच सेमीफाइनल मैच खेला गया। शर्मा क्लब के कप्तान नीशू वाजपेयी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 128 रन बनाए, जिसमें राजेश ने 28 शानू ने नाबाद 20 रनों का योगदान दिया। फिरोज क्लब की ओर से वारिस ने तीन और कमाल ने दो विकेट लिए। जवाब में फिरोज क्लब ने पांच विकेट के नुकसान पर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया।
विजयी टीम की ओर इरफान ने आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 72 रनों का योगदान दिया। कबीर ने 20 रन बनाए। अंपायरिंग शैजी और कामिल ने की। अकादमी के अध्यक्ष लज्जाराम रस्तोगी ने बताया कि फाइनल मैच दो जनवरी को प्रात: 10 बजे से खेला जाएगा।