काल बनी ओएचई लाइन
- कोच में बैठे अन्य यात्री हादसे में बाल-बाल बचे
- मरने वाले युवक की नहीं हो सकी शिनाख्त
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। इलेक्ट्रिक ट्रेन के संचालन को रेलवे ट्रैक के ऊपर डाली गई 25 हजार वोल्ट क्षमता की हाईटेंशन लाइन सोमवार को तड़के एक सिरफिरे युवक के लिए काल साबित हो गई। एक ट्रेन की बोगी की छत पर सवार होकर आया युवक स्टेशन देख जैसे ही उठकर खड़ा हुआ, बिजली करंट से उसके बदन में आग लग गई और मौके पर ही छटपटाकर उसने दम तोड़ दिया। गनीमत यह रही कि कोच के अंदर बैठे अन्य यात्री इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
लखनऊ से चंडीगढ़ वाया सहारनपुर चलने वाली 12231 अप सुपरफास्ट ट्रेन के यहां पहुंचने का समय रात 1.05 बजे नियत है, लेकिन इन दिनों पर ट्रैक पर रात के समय कोहरा छाए रहने से अन्य गाड़ियों की तरह यह ट्रेन यहां सोमवार को तड़के करीब तीन घंटे देरी से चार बजे पहुंची। ट्रेन धीमी स्पीड से प्लेटफार्म नंबर तीन पर आई और इंजन पश्चिमी होम सिग्नल की ओर सरक रहा था।
प्लेटफार्म पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी वेंडरों के अनुसार इसी दौरान एक बोगी की छत पर बैठकर आए युवक ने नीचे उतरने को अपनी जगह से उठने का प्रयास किया। इसी दौरान वह ट्रैक के ऊपर से निकली हाई वोल्टेज वाली ओएचई लाइन के संपर्क में आ गया और तेज स्पार्किंग के साथ उसके कपड़ों में आग लग गई। वह बोगी पर ही गिरकर छटपटाने लगा। इससे प्लेटफार्म पर शोर-शराबा मच गया।
जिस बोगी की छत पर यह हादसा हुआ, उसके तमाम यात्री उस वक्त गहरी नींद में थे, लेकिन जो मुसाफिर जाग रहे थे वे भी हादसे को जानकर घबरा गए और अपनी बर्थें छोड़कर बाहर निकल आए। सूचना पाकर जब तक जीआरपी मौके पर पहुंची, करंट की चपेट में आए युवक की मौत हो चुकी थी। बता दें कि दो साल पहले कानपुर में भी हुए इसी तरह के हादसे में छत पर सवार युवक को करंट लगते ही बोगी में भी करंट फैल गया था।
रेल अधिकारियों के अनुसार गनीमत यह रही कि करंट लगने के बाद मृतक हाई वोल्टेज लाइन से नहीं चिपका अन्यथा उसके बदन के जरिए पूरी बोगी में करंट फैल जाता और ऐसी दशा में कोई बड़ा हादसा होना तय था। मृतक की आयु करीब 30 वर्ष है। उसके शरीर पर मैले-कुचैले कपड़े और पुरानी जैकेट मिली है, जबकि बादामी रंग की पैंट करंट से बदन मेें लगी आग से काली पड़ गई। मरने वाले के पास से अन्य कोई ऐसी चीज नहीं मिली जिससे उसकी पहचान हो सके। जीआरपी एसओ के अनुसार मरने वाला युवक पहनावे से कोई सिरफिरा लग रहा है जो इतनी ठंड में बोगी की छत पर बैठकर आया।