विरोध में जाम लगाकर की गई बस में तोड़फोड़
- दुर्घटना शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर स्थित गांव मिश्रीपुर के पास हुई
- सीओ सदर ने दिया स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन, तब खुला जाम
अमर उजाला नेटवर्क
निगोही। दिल्ली जा रही रोडवेज की बस की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा और दो बच्चे घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के विरोध में ग्रामीण भड़क उठे। उन्होंने शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर जाम लगा दिया। बस में तोड़फोड़ कर आग लगाने की कोशिश की गई। सीओ सदर ने रोड पर ब्रेकर बनाने का आश्वासन दिया, इस पर जाम खोल दिया गया।
दुर्घटना शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर स्थित गांव मिश्रीपुर के पास शाम छह बजे हुई। गांव ढकिया तिवारी निवासी प्रमोद पांडे (40) बाइक से शाहजहांपुर जा रहे थे। बाइक पर उनका भतीजा प्रवीन पांडे और दो बच्चे भी बैठे थे। मिश्रीपुर गांव के पास सामने से आ रही रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चला रहे प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार प्रवीन और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, दुर्घटना के विरोध में ग्रामीण भड़क उठे। जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया। यही नहीं बस में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाने की कोशिश की गई। यह देख बस में सवार यात्रियों ने भागकर जान बचाई। मौके पर पहुंचे सीओ सदर से ग्रामीणों ने रोड पर ब्रेकर बनाने की मांग की। सीओ ने जल्द ही ब्रेकर बनाने का आश्वासन दिया। इस पर जाम खोल दिया गया।