5.5 लाख का जुर्माना वसूल कर छोड़े
- फर्जी प्रपत्रों के सहारे पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था वनस्पति घी और प्रेशर कुकर
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। धनतेरस और दिवाली के मद्देनजर वनस्पति घी और प्रेशर कुकर बेचने को ले जाए जा रहे दो ट्रकों को वाणिज्य कर विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पकड़ लिया। फर्जी प्रपत्र पाए जाने पर दोनों ट्रकों पर सवार लोगों से जुर्माना वसूलकर माल छोड़ दिया गया।
वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर और सचल दल प्रभारी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि चेकिंग के दौरान उनकी टीम ने हरदोई मार्ग पर प्रेशर कुकर से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। यह माल गाजियाबाद से लखनऊ ले जाना बताया गया। प्रपत्र फर्जी पाए जाने पर ट्रक को आरसी मिशन थाने पर खड़ा करा लिया गया। ट्रक पर लगभग साढ़े चार लाख रुपये कीमत के प्रेशर कुकर भरे थे। पौने दो लाख रुपये जुर्माना वसूलकर इसे छोड़ दिया गया।
श्री चतुर्वेदी ने बताया कि दूसरा ट्रक मीरानपुर कटरा क्षेत्र में पकड़ा गया। इसमें वनस्पति घी के पीपे भरे थे। माल पंजाब से बिहार ले जाना बताया गया। जांच में प्रपत्र फर्जी पाए गए। इस ट्रक को थाना कटरा में खड़ा करा दिया गया। बाद में साढ़े नौ लाख रुपये कीमत के इस घी पर तीन लाख अस्सी हजार रुपये जुर्माना वसूलकर इसे भी छोड़ दिया गया।