सर्राफा और बर्तन बाजार भी ग्राहकों के लिए तैयार
- रातभर चला प्रतिष्ठानों को सजाने का सिलसिला
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। दिवाली से दो दिन पहले मनाए जाने वाले धनतेरस की रौनक एक दिन पहले ही आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। चूंकि धनतेरस कल रविवार को ही है इसलिए दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजा दिया है। बाजार में अस्थाई स्टाल भी जमकर लगाए गए हैं।
त्योहार पर सबसे अधिक बिक्री बर्तनों और सोने-चांदी के आभूषणों कीहोेने की उम्मीद में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान कुछ अलग हटकर सजाए हैं। बर्तनों की दुकानों को सड़क पर तखत डालकर काफी आगे तक बढ़ा लिया गया है। जबकि सर्राफ की दुकानें अंदर ही चमाचमा रही हैं। यहां सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा फैंसी आइटमों का प्रदर्शन खूब किया जा रहा है। मिट्टी के दीए-कुचरिया, खील-खिलौने, गणेश-लक्ष्मी और कैलेंडर के स्टाल भी भरपूर लगाए गए हैं।
धनतेरस से एक दिन पूर्व ही बाजारों की रौनक देखने लायक है। पूरी रात दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर तैयारियां की हैं। एक रात पहले ही भीड़ से बाजार गुलजार हो रहे हैं। इसके अलावा खानपान के स्टाल भी जगह-जगह लगे हैं।