मायानगरी का सरताज बना कुंडरा का लाल
- राजपाल की अभिनय कला को मिला नया आयाम
- निर्माण और निर्देशन परखने को बेसब्र हैं प्रशंसक
अजय अवस्थी
शाहजहांपुर। बहुत पहले ‘गुदड़ी के लाल’ वाली कहावत अक्सर सुना करता था, लेकिन उसका साक्षात्कार अब हो रहा है। नगर के छोटे से गांव कुंडरा का छोरा आज देश की मायानगरी का सरताज बना बैठा है। बॉलीवुड और हॉलीवुड में अपने अभिनय की छाप छोड़ प्रशंसकों के दिलों में राज करने वाले राजपाल यादव के नाम एक और उपलब्धि जुड़ने जा रही है। उन्होंने अपने सपने को साकार करते हुए होम प्रोडक्शन में तैयार फिल्म अता-पता-लापता का निर्देशन भी किया है। फिल्म का म्यूजिक तो बिग बी लांच कर ही चुके हैं, अब लोगों को 12 अक्तूबर का बेसब्री से इंतजार है, इस दिन उनके निर्देशन में बनी पहली फिल्म रिलीज जो होनी है।
जहां एक ओर राजपाल यादव अपनी फिल्म को लेकर उत्साहित हैं, वहीं उनके गृह जनपद के लोग खास तौर पर उनके नजदीकी और गर्दिशों में सहारा बने मित्र और गुरु भी गदगद हैं। वे पूरी तौर पर आश्वस्त हैं कि अता-पता-लापता फिल्म मील का पत्थर साबित होगी और एक बार फिर शाहजहांपुर का नाम सुर्खियों में होगा। यहां यह भी बता दें कि राजपाल ने माता-पिता के नाम पर नौरंग गोदावरी प्रोडक्शन लिमिटेड बैनर पर फिल्म निर्माण शुरू किया है। बांद्रा में फिल्मों के भगवान माने जाने वाले सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने उनकी फिल्म का म्यूजिक रिलीज कर उम्मीद जताई कि आने वाला समय राजपाल का होगा और फिल्म इंडस्ट्री उनके नाम से जानी जाएगी। इस समारोह की खासियत यह भी रही कि राजपाल ने उन सभी को आमंत्रित कर अमिताभ बच्चन के हाथों सम्मानित कराया, जिन्होंने किसी न किसी रूप में कभी उनकी मदद को हाथ बढ़ाए थे। आज के दौर में यह बहुत बड़ी बात है।
फिल्म जरूर हिट होगी: शमीम
राजपाल के सखा शमीम आजाद अता-पता-लापता को लेकर खासे उत्साहित हैं। बोले: इस फिल्म में अपने नगर के वे सभी कलाकार भी दिखेंगे, जो वहां स्ट्रगल कर रहे हैं। टाइटिल अच्छा है, इसलिए फिल्म भी हिट होगी।
नई पारी भी कामयाब होगी: शालू
रंगकर्मी शालू यादव का मानना है कि कला के क्षेत्र में राजपाल दादा का कोई जोड़ नहीं है। वह कई फिल्मों में अपनी छाप छोड़ चुके हैं। अब निर्देशन के क्षेत्र में भी उनकी नई पारी शुरू हो रही है। वह भी कामयाब होगी।
नकार नहीं सकते काबिलियत: मुनि
रंगकर्मी मनीष मुनि बोले कि यह तो जनपद के लिए गर्व की बात है। राजपाल ने वह कर दिखाया है, जिसकी लोग कल्पना तक नहीं कर सकते। उनकी काबिलियत को कभी नहीं नकारा जा सकता। वह हम सब के आदर्श हैं।
फिल्म इंडस्ट्री भी उत्साहित: कृष्णा
राजपाल यादव के अभिन्न मित्र कृष्ण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कृष्णा का मानना है कि राजपाल के इस प्रयास से शाहजहांपुर ही नहीं फिल्म इंडस्ट्री उनकी ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। बिग बी ने भी म्यूजिक लांचिंग पर उनकी प्रतिभा को सराहा है।
राजपाल पर जिले को गर्व: जरीफ
राजपाल यादव को रंगमंच की बारीकियां सिखाने वाले गुरु जरीफ मलिक आनंद बहुत उत्साहित हैं। बताया: उन्होंने एक बार राजपाल को कहा था कि वह लंबी रेस का घोड़ा है। आज उसने साबित कर दिया है कि वह केवल हास्य कलाकार ही नहीं है, अपितु आलराउंडर है।