संघर्ष में महिला घायल, दोनों की रिपोर्ट दर्ज
- मकान पर कब्जा करने को लेकर हुआ विवाद
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। मकान पर कब्जा करने को लेकर मोहल्ला हयातपुरा में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। लाठी डंडे चलने के अलावा एक पक्ष ने फायरिंग भी की। जिससे दूसरे पक्ष के विकलांग को गोली लग गई। संघर्ष में एक महिला भी घायल हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना गुरुवार की सुबह साढे़ सात बजे मोहल्ला हयातपुरा में हुई। मोहल्ला निवासी पुरुषोत्तम शुक्ला रेता बजरी और सीमेंट बेचने का काम करते हैं। श्री शुक्ला ने बीस दिन पहले मोहल्ले के ही विद्याराम, राजेंद्र और मदनपाल का मकान खरीदा था। जिसका बैनामा भी करा लिया। बुधवार को इस मकान का राम निवास ने ताला तोड़ दिया। गुरुवार की सुबह खरीदे गए मकान में पुरुषोत्तम ताला डालने के लिए पहुंचे। तभी उन पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया गया। तमंचे से फायर किया गया, जो पुरुषोत्तम के बाजू पर लगा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ।
दूसरे पक्ष के राम निवास की पत्नी धनदेवी भी घायल हो गईं। मौके पर पुलिस पहुंच गई और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। पुलिस ने धनदेवी की ओर से योगेश, पुरुषोत्तम, विद्या सरन और मदनपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दूसरे पक्ष के योगेश कुमार की ओर से राम निवास और उसकी पत्नी तथा सूरज और उसकी पत्नी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। विद्या देवी का कहना है कि हमलावर उसके घर में घुस आए और लात घूंसों से उसकी पिटाई की। जिससे उसके अंदरूनी चोटें भी लगीं हैं और खून बह रहा है। पुलिस ने उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पतपाल भेजा है। इसके अलावा दूसरे पक्ष के घायल पुरुषोत्तम को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।