खरीद केंद्र पर खामियां मिलने पर जताई नाराजगी
- रोजा और तिलहर मंडी के 15 केंद्रों पर सुनी समस्याएं
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। प्रमुख सचिव (खाद्य एवं रसद) अशोक कुमार ने गेहूं खरीद केंद्रोें का निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने किसानों का गेहूं समय से खरीदे जाने और उसका भुगतान समय से किए जाने के भी कड़े निर्देश दिए हैं।
प्रमुख सचिव श्री कुमार आज दुपहर रोजा मंडी स्थित गेस्ट हाउस पहुंचे जहा उन्होंने खरीद केंद्रोें का निरीक्षण किया। इस दौरान यूपीएसएस के एक केंद्र पर केंद्र प्रभारी नदारद मिला और खरीद बंद पाई। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों से खरीद की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने तिलहर मंडी का निरीक्षण किया, जहां खरीद केंद्रों पर मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। कुछ किसानों ने बिचौलियों से गेहूं खरीदे जाने की बात शिकायत की, लेकिन उसकी पुष्टि नहीं हो सकी। उन्होंने रोजा और तिलहर मंडी के 15 केंद्रों का निरीक्षण किया।
बाद में अधिकारियों की बैठक कर गेहूं खरीद की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य रूप से स्टोरेज की समस्या उठाई गई। इस पर प्रमुख सचिव ने कहा कि शासन स्तर पर बात करके नए स्टोरेज प्वाइंट बनाए जाने का प्रस्ताव रखेंगे। उन्होंने एफसीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक से भी अनलोडिंग की व्यवस्था सुचारू करने के करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी एके बरनवाल, एसडीएम सदर इन्द्रमणि त्रिपाठी, डिप्टी आरएमओ अजीत कुमार त्रिपाठी, जिला सहायक निबंधक हरीश चंद्र सहित अन्य खरीद एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।
परचेज नीति में दिए बदलाव के संकेत
शाहजहांपुर। प्रमुख सचिव (राजस्व) अशोक कुमार ने कहा कि गेहूं खरीद के लिए शासन से निर्धारित लक्ष्य हरहाल में हासिल करें। उन्होंने परचेज नीति में बदलाव के संकेत दिए है। इसके तहत थ्रू एजेंट भी खरीद हो सकती है। जिसके तहत कमीशन पर एजेंटों द्वारा किसानों से सीधे गेहूं क्रय किया जायेगा। ऐसी स्थिति में एजेंसियों को अपनी विश्वसनियता बनाये रखने हेतु कड़ा मुकाबला करना होगा। कहा: इस वर्ष खरीद का लक्ष्य 2 लाख 72 हजार मैट्रिक टन है, जिसके सापेक्ष वर्तमान में 90 हजार मैट्रिक टन गेहूं खरीद की जा चुकी है।