शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तहसील मुख्यालयों को बेहतर बिजली सप्लाई देने के लिए पॉवर कारपोरेशन द्वारा जलालाबाद, पुवायां और तिलहर में नवनिर्मित 33 केवी क्षमता वाले सब स्टेशन सोमवार से चालू हो गए। राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा, विधायक राजेश यादव और शकुंतला देवी ने इन सब स्टेशनों का लोकार्पण किया। एक्सईएन अशोक सुंदरम के अनुसार नए सब स्टेशन चालू होने से तहसीलों के नगरीय क्षेत्र अब ग्रामीण अंचल की ओवरलोडिंग से निजात पा जाएंगे। वहीं फाल्ट भी कम होंगे। एक सब स्टेशन पर साढ़े चार से लेकर पौने पांच करोड़ तक का खर्चा आया है।
जलालाबाद। राज्यमंत्री ने हाइडिल परिसर में बने सब स्टेशन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष 2016 तक प्रदेश सेें बिजली समस्या को खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और इसी विजन के तहत कस्बे में नए बिजली उपकेंद्र का निर्माण कराया गया है। कार्यक्रम में एसडीएम जंगबहादुर यादव, अधीक्षण अभियंता आरएस प्रसाद, एक्सईएन रोहिताश सिंह जंगपाल ने भी विचार रखे। इस मौके पर युवजन सभा के प्रदेश सचिव अंशु पांडेय, शकील खां, बिजेंद्र यादव, रामप्रताप चौहान, दिलीप अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।
पुवायां। विधायक शकुंतला देवी ने उद्घाटन करते हुए कहा कि नगर के लोगों को अब बेहतर बिजली सप्लाई मिलेगी। पुवायां नगर अलग होने के कारण देहात को भी पूरी सप्लाई मिल सकेगी। कार्यक्रम में चेयरमैन संजय गुप्ता, सपा नेता विनोद मिश्रा, तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ओपी मिश्रा, विनायक अग्रवाल, पॉवर कारपोरेशन के एक्सईएन (मीटर) सुशील श्रीवास्तव, एसडीओ राजेश गोयल व प्रदीप सोनकर, जेई जीडी जोशी आदि मौजूद रहे।
तिलहर। यहां कटरा के सपा विधायक राजेश यादव ने पूजन करने के बाद स्विच रूम का लीवर सब स्टेशन के उद्घाटन की औपचारिकता पूरी की। उपकेंद्र के चालू होने से अब नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्र को शिड्यूल के हिसाब से सप्लाई का रास्ता खुल गया है। विधायक ने कहा कि इस नई व्यवस्था शहरी तथा ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को लाभ होगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य व सपा नेता उपेंद्र पाल सिंह, सपा नेता अरूण यादव, राम सिंह यादव, एसडीएम पदम सिंह, तहसीलदार ओएन वर्मा, झब्बू सिंह यादव, पंकज गुप्ता आदि मौजूद रहे।