- शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग के गांव पतराजपुर और कैमुआ पुल के बीच हुआ था हादसा
- मेहमानी से घर लौटते समय तीन दिसंबर को जख्मी हो गया था रामवीर
अमर उजाला ब्यूरो
निगोही। मेहमानी से घर लौट रहा एक युवक तीन दिसंबर को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया था। उसकी बीते दिन बरेली में इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
बता दें कि क्षेत्र के गांव कटैया उसमानपुर निवासी 30 वर्षीय रामवीर अपनी पत्नी गीता और तीन वर्षीय पुत्री पायल को लेकर इसी थाने के गांव अलहादादपुर अपने साढ़ू राजेश के यहां मेहमानी में गया था। तीन दिसंबर की शाम आठ बजे वह बच्चों को बाइक पर बैठाकर घर के लिए चला। बाइक शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग के गांव पतराजपुर और कैमुआ पुल के बीच पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे पत्नी गीता, पुत्री पायल के मामूली घायल हो गईं, जबकि गंभीर रूप से घायल रामवीर को जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद रामवीर को बरेली के लाइफ लाइन न्यूरी ड्रामा सेंटर भेज दिया, जिसने बीते दिन दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई रवीश की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर रामवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रामवीर की मौत से उसकी पत्नी गीता और मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे होगी रामवीर के
परिवार की परवरिश
मृतक रामवीर के पिता श्रीपाल की चार वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। पिता की मृत्यु के रामवीर पर भाई सोनपाल, रवीश, बहन प्रीती, मां मुन्नी देवी के भरण-पोषण का जिम्मा आ गया। रामवीर ने मजदूरी करके परिवार को पाला। उसकी मृत्यु के बाद इस परिवार की जीविका कैसे चलेगी और बहन प्रीती के हाथ कैसे पीले हाेंगे?