शहर में बने चार सेंटरों पर 2157 शिक्षामित्रों ने दी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। दूरस्थ शिक्षा विधि के माध्यम से बीटीसी प्रशिक्षण के दूसरे बैच के शिक्षामित्रों के चतुर्थ सेमेस्टर के संपन्न हो जाने के बाद मंगलवार को शहर के चार सेंटरों पर शिक्षामित्रों परीक्षा हुई। इसमें 2159 शिक्षामित्रों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 2157 शिक्षामित्र ही परीक्षा में शामिल हुए। सभी सेंटरों पर दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई, लेकिन जनता इंटर कॉलेज में दो बार तनाव की स्थिति बन गई।
अन्य तीनों सेंटरों को छोड़कर केवल जनता इंटर कॉलेज में दोनों पालियों के दौरान एक अध्यापक का शिक्षामित्रों से कुछ विवाद हो गया। हालांकि उसे समय रहते निपटा दिया गया। हुआ यह कि 10 बजे से शुरू होने वाली प्रथम पाली की परीक्षा से पहले कुछ शिक्षामित्र बाहर खड़े थे, इस पर कॉलेज के एक शिक्षक ने उन्हें रौब दिखाते हुए अंदर जाने को कहा। इस वजह से शिक्षामित्रों का उन लोगों से विवाद होने लगा, तो वहां पर मौजूद अन्य शिक्षामित्रों ने उसे समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद दूसरी पाली में एक कक्ष में अंधेरा हुआ तो शिक्षामित्रों ने लाइट जलाने की मांग की, इस बात को लेकर भी उन शिक्षक से शिक्षामित्रों की बहस हो गई।
जीआईसी कालेज में 700 शिक्षामित्रों को परीक्षा देनी थी, जहां पर एक शिक्षामित्र गैरहाजिर रहा। वहीं, जीजीआईसी में 500 के सापेक्ष 499 शिक्षामित्र परीक्षा में शामिल हुए। उधर, जनता इंटर कॉलेज में सभी 459 और देवी प्रसाद इंटर कालेज में 500 शिक्षामित्र परीक्षा में शामिल हुए।