थाना सदर बाजार पुलिस ने शिक्षक को भेजा जेल
शिक्षक को अपने किए का नहीं, मगर निलंबन का अफसोस
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। ओसीएफ इंटर कॉलेज में महिला चपरासी नीरू गुप्ता पर फायर करने वाले शिक्षक नरेश चंद्र रस्तोगी को ओसीएफ फैक्ट्री के महाप्रबंधक सीवी शर्मा ने निलंबित कर दिया। आरोपी शिक्षक को थाना सदर बाजार पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। नरेश चंद्र को अपने किए का कोई पछतावा नहीं है, लेकिन नौकरी गड़बड़झाले में पड़ने का अफसोस है।
नरेश चंद्र रस्तोगी ने सोमवार को ओसीएफ इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल जयप्रकाश शाक्यवार के कार्यालय के बाहर प्रार्थना स्थल के पास महिला चपरासी नीरू गुप्ता से विवाद होने पर लाइसेंसी राइफल से फायर कर दिया था। फायर होने के बाद स्कूल में भगदड़ मच गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिक्षक को राइफल के साथ गिरफ्तार कर लिया था। नीरू गुप्ता की तहरीर पर थाना सदर बाजार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद ही ओसीएफ प्रबंधक सीवी शर्मा ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया। ओसीएफ प्रशासन ने मंगलवार को निलंबन पत्र की एक कॉपी आरोपी शिक्षक नरेश चंद्र रस्तोगी को सौंप दी। निलंबन की पत्र मिलने के बाद नरेश चंद्र को काफी अफसोस हुआ, लेकिन उन्हें अपने करे का कोई पछतावा नहीं हैं। मंगलवार को आम लोगों की तरह सदर पुलिस आरोपी नरेश चंद्र का पैदल ही कोर्ट ले गई। कोर्ट ने नरेश चंद्र रस्तोगी को जेल भेज दिया।
00
कॉलेज में दिनभर रही शिक्षक की चर्चा
मंगलवार को कॉलेज में छात्रों की परीक्षा थी। परीक्षा के बाद छात्र शिक्षक के बारे में चर्चा करते दिखाई दिए। वहीं शिक्षक भी स्टाफ रूम में सोमवार को हुई घटना को लेकर चर्चा करते नजर आए। शिक्षक के निलंबन की खबर भी पूरे स्टाफ को मिल गई थी। चर्चा थी कि छोटे से विवाद में नरेश चंद्र ने अपनी नौकरी दांव पर लगा दी।