रोजा। रोजा तापीय परियोजना से चोरों ने भारी मात्रा में आयरन पाइप चोरी कर लिया। पुलिस ने इस मामले में पांच चोरों को गिरफ्तार कर उनसे चोरी किए पाइप बरामद किए हैं।
तापीय परियोजना की ओरियन सिक्योरिटी कंपनी के सुरक्षा प्रभारी विनोद मिश्रा ने थाना आरसी मिशन में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि छह नवंबर की रात चोरों ने परियोजना परिसर में घुस कर करीब 70 हजार रुपये के आयरन पाइप चोरी कर लिया। पुलिस ने सूचना के बाद ताबड़तोड़ दबिशें मारीं। दबिश के दौरान थाना क्षेत्र के बाड़ीगांव के एक मकान से उसे चोरी हुए पाइप जिनका वजन करीब दो क्विंटल था, बरामद कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाठक ने बताया कि चोरी मामले में बाड़ीगांव के निक्कू, चांद मियां, मो. तारिक, अनीस और मकशूर को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ में अन्य चोरियों के खुलासे होने के संकेत मिले हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की चोरी में परियोजना की सुरक्षा एजेंसियों से जुडे़ कुछ लोगों की संलिप्तता भी उजागर हुई। इसकी जांच की जा रही है और उनको भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।