प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी संशोधित कन्या विद्याधन योजना के तहज जिले की इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण 981 छात्राओं को लाभान्वित किया जाएगा। इनमें कुल 2.94 करोड़ रुपये बंटेंगे। योजना में पात्र छात्राओं का चयन हर हाल में 20 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसमें सभी बोर्ड की छात्राओं को शामिल किया जाना है। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम पुष्पा सिंह ने छात्राओं के तय तिथि तक चयन करने संबंधी बैठक ली।
उन्होंने जिले के सभी यूपी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड एवं संस्कृत शिक्षा परिषद के इंटर कॉलेजों के प्रधानाचायों को निर्देश दिया कि वे पूर्ण पारदर्शिता रखते हुए समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर पात्र छात्राओं की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल उपलब्ध करायें। हर पात्र छात्रा को 30 हजार रुपये मिलेंगे जो उनके बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित होगी। इसलिए सभी छात्राओं के राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खुलवाने को कहा। अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति की छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र, इंटरमीडिएट अंक पत्र की छाया प्रति संबंधित विद्यालय में जमा करा लिया जाय एवं सभी छात्राओं का सत्यापन भी करा लिया जाये।
चयनित होने वाली छात्राओं में यूपी बोर्ड की कुल 662, सीबीएसई बोर्ड की 183, आईसीएसई बोर्ड की 62, मदरसा बोर्ड की 37 एवं संस्कृत बोर्ड की 37 छात्राएं शामिल होंगी। सभी शिक्षा बोर्ड में 21 प्रतिशत अनुसूचित जाति एवं 20 प्रतिशत अल्पसंख्यक वर्ग की छात्राओं को अनिवार्य रूप से लाभान्वित किया जाना है। बैठक में सीडीओ टीके शिबु, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. केएल वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए अजय प्रकाश आदि मौजूद रहे।