दिव्यांगों का सहारा बनी हेल्पलाइन संस्था ने बृहस्पतिवार को एक और मील का पत्थर स्थापित किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और एल्मिको कानपुर के सहयोग से चिन्हित दिव्यांगों को 98 मोटराइज्ड ट्राई साइकिल वितरित की गईं। अन्य दिव्यांगों का पंजीकरण कर उन्हें सहायक उपकरण भी दिए गए, ताकि वह निराश होकर न लौटें। अजीजगंज स्थित वृंदावन गार्डंस में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कृष्णा राज ने आश्वासन दिया कि वह इसी तरह के कार्यक्रम कराकर हर दिव्यांग को लाभान्वित कराएंगी, ताकि कोई सुविधा से वंचित न रह सके। उन्होंने दिव्यांगों का आह्वान किया कि वह पूरी दृढ़ता और हौसलों से समाज का हिस्सा बनें, अपने को किसी तरह कमजोर नहीं समझें। यहा बता दें कि मोटराइज्ड ट्राई साइकिल के लिए भारत सरकार ने 25-25 हजार रुपये और कृष्णा राज ने अपनी सांसद निधि से 12-12 हजार रुपये का सहयोग किया है। विशिष्ट अतिथि भाजपा विधान मंडल दल के नेता सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन जमाना उन्हीं को याद रखता है जो दूसरों के आंसू पोंछकर उनका सहारा बनते हैं। हेल्पलाइन संस्था का दिव्यांगों के हित में किया जा रहा प्रयास हमेशा याद रखा जाएगा।
इससे पूर्व डीएम राम गणेश ने जनप्रतिनिधियों से दिव्यांगों की पेंशन राशि में इजाफा कराने का प्रयास करने का आग्रह किया। संस्था अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने संस्था के वर्ष 2000 से अब तक कराए गए कार्याें की रिपोर्ट प्रस्तुत की। महासचिव विनोद अग्रवाल के संचालन में हुए कार्यक्रम में जलालाबाद के ओलंपियन खिलाड़ी कौशलेंद्र, रोजी पब्लिक स्कूल के निदेशक राजीव मोहन पांडेय को सम्मानित भी किया गया। सुनील सिंघल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक रोशन लाल वर्मा, एसपी केबी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट विजय शंकर दुबे, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी वीरपाल, एल्मिको के प्रतिनिधि योगेश माथुर, रामचंद्र सिंघल, कोषाध्यक्ष अरुण खंडेलवाल, सुरेश सिंघल, रवि गोयल, अमित अग्रवाल, विकास अग्रवाल, अंकित गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, संजीव अग्रवाल, अनुज गुप्ता, किशन अग्रवाल, जसविंदर सिंह बजाज, डॉ. सुरेश मिश्र, सरोज गुप्ता, डॉ. सत्य प्रकाश मिश्र, डॉ. परविंदर सिंह, डॉ. संजीव कनौजिया, प्रकाश कलानी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।