शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 950 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंध गए। ओसीएफ रामलीला मैदान में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें विधानसभा वार अलग-अलग पंडाल बनाए गए।
शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को ओसीएफ रामलीला मैदान में विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 950 जोड़ों ने एक-दूजे का हाथ थामा। विवाह कार्यक्रम के बाद खाना खाने के लिए अफरातफरी का माहौल नजर आया। वर-वधू पक्ष के लोग खाना लेने के लिए जूझते नजर आए।
विज्ञापन
ओसीएफ रामलीला मैदान में विधानसभा वार अलग-अलग पंडाल बनाए गए थे। मुस्लिम जोड़ों के लिए अलग से पंडाल बनाया गया था। यहां पर काजी ने जोड़ों का निकाह पढ़वाया। समारोह के इंतजाम देखने के लिए जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी।
खाने के लिए उमड़ी भीड़
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। बैंड-बाजा भी बजाया गया। हिंदू जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद खाने के काउंटर पर भीड़ उमड़ पड़ी।
विज्ञापन
तमाम इंतजाम के बावजूद भीड़ संभालना मुश्किल हो गया। जिसे जो मिला, जमीन पर बैठकर खाने लगा। किसी को केवल पूड़ी मिली तो किसी को सब्जी-चावल से काम चलाना पड़ा। इस दौरान सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक सलोना कुशवाहा समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।